Home›Khabar Junction›
Cooperative Sector Employees Better Training Brainstorming On Preparing National Training Framework
NCTF2026: सहकारी क्षेत्र के कर्मचारियों को मिलेगी बेहतर ट्रेनिंग, राष्ट्रीय प्रशिक्षण ढांचा तैयार करने पर मंथन
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 25 Sep 2026 07:20 PM IST
सार
NCTF 2026 के तहत सहकारी क्षेत्र में प्रशिक्षण की संख्या के बजाय उसकी गुणवत्ता और परिणाम पर जोर दिया जाएगा। उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में पांच क्षेत्रीय बैठकें कर प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने के सुझाव जुटाए जाएंगे।
सहकारी समितियों और संस्थाओं से जुड़े कर्मचारियों और पदाधिकारियों को बेहतर और रोजगारपरक प्रशिक्षण देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर नया प्रशिक्षण ढांचा तैयार किया जा रहा है। इसी दिशा में राष्ट्रीय सहकारी प्रशिक्षण ढांचा (एनसीटीएफ) 2026 को लेकर 24 सितंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की बैठक हुई। इसमें सहकारी क्षेत्र में प्रशिक्षण की गुणवत्ता, जरूरत और परिणाम पर जोर देने पर चर्चा हुई।
यह बैठक 'सहकार से समृद्धि' की सोच के तहत सहकारी क्षेत्र को मजबूत, आधुनिक और पेशेवर बनाने की दिशा में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन 'त्रिभुवन' सहकारी विश्वविद्यालय (टीएसयू) ने केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के सहयोग से किया।
प्रशिक्षण की संख्या नहीं, गुणवत्ता पर जोर
बैठक का उद्घाटन सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने किया। उन्होंने कहा कि सहकारी क्षेत्र में प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की संख्या बढ़ाना नहीं होना चाहिए। प्रशिक्षण ऐसा हो, जिससे संस्थाओं की कार्यक्षमता बढ़े, कर्मचारियों का कौशल बेहतर हो और सहकारी संस्थाओं तथा उनके सदस्यों को इसका सीधा लाभ मिले। उन्होंने प्रशिक्षण के बाद उसके परिणाम और संस्थाओं की क्षमता में होने वाले सुधार को महत्वपूर्ण बताया।
देशभर की संस्थाओं ने लिया हिस्सा
राष्ट्रीय स्तर की इस बैठक में केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों, राष्ट्रीय स्तर के सहकारी महासंघों, राज्य सहकारी संघों और सहकारी प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। विश्वविद्यालयों, क्षेत्रीय विकास संस्थाओं और सहकारी क्षेत्र में प्रशिक्षण तथा कौशल विकास से जुड़ी अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे।
एक समान और आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था पर जोर
'त्रिभुवन' सहकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सहकारी प्रशिक्षण ढांचा 'सहकार से समृद्धि' के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि सहकारी क्षेत्र में प्रशिक्षण और क्षमता विकास से जुड़ी संस्थाओं को एक साझा और आधुनिक व्यवस्था से जोड़ने की जरूरत है। इससे प्रशिक्षण में एकरूपता, गुणवत्ता, उपयोगिता, पहुंच और निरंतरता बेहतर की जा सकेगी। साथ ही राज्यों और अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे।
पांच क्षेत्रों में होंगी बैठकें
एनसीटीएफ 2026 की यह बैठक राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली दो प्रमुख बैठकों में पहली है। इसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों में पांच क्षेत्रीय स्तर की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत को शामिल किया जाएगा। क्षेत्रीय बैठकों के जरिए अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों की जरूरतों, चुनौतियों और प्रशिक्षण से जुड़े सुझावों को समझा जाएगा।
इन चर्चाओं के आधार पर सहकारी क्षेत्र के लिए ऐसा राष्ट्रीय प्रशिक्षण ढांचा तैयार करने पर जोर रहेगा, जो संस्थाओं और उनसे जुड़े लोगों को बेहतर कौशल और जरूरी जानकारी उपलब्ध करा सके।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।