मध्य प्रदेश सरकार ने एमएसपी पर कपास की खरीद और सोयाबीन किसानों को भावांतर योजना का लाभ देने के लिए पंजीकरण खिड़की खोल दी है। इन कदमों का लाभ उठाने के लिए किसानों से तय समय में पंजीकरण कारने की अपील की गई हेै।
कपास किसान 31 अक्तूबर तक करें पंजीकरण
मनावर जिले के मंडी सचिव भगत सिंह डावर के अनुसार, कपास सीजन 2026-27 में भारतीय कपास निगम लिमिटेड द्वारा किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कपास की खरीदी की जाएगी। इसका लाभ उठाने के लिए किसान 31 अक्तूबर तक अपना पंजीयन करवा सकते हैं।
कपास किसान एप पर पंजीयन अनिवार्य
मंडी सचिव ने बताया कि समर्थन मूल्य पर कपास बेचने के लिए किसानों को मोबाइल एप कपास किसान पर अपना पंजीयन कराना जरूरी है। इस एप के जरिए किसानों को खरीदी की पूरी प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारियों को प्राप्त करने में आसानी होगी। इसके अलावा, किसान पंजीयन से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए भारतीय कपास निगम की वेबसाइट www.cotcorp.org.in पर जा सकते हैं या व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 8269023626 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
सोयाबीन के लिए 17 अक्तूबर तक का मौका
कपास संग सोयाबीन के लिए भी पंजीकरण चालू है। अधिकारियों के अनुसार, खरीफ 2026 की सोयाबीन फसल को भावांतर योजना के तहत बेचने के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर 3 से 17 अक्तूबर तक पंजीकरण किया जा रहा है। किसान इस तय अवधि में अपना पंजीयन कराकर सरकारी योजना का लाभ ले सकते हैं।
कहां और कैसे होगा सोयाबीन का पंजीयन?
किसानों की सुविधा के लिए सहकारी समितियों के पंजीयन केंद्रों पर सोयाबीन पंजीयन की यह सेवा पूरी तरह से निशुल्क (मुफ्त) उपलब्ध है। इसके अलावा, यदि किसान चाहें तो एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और लोक सेवा केंद्रों पर जाकर निर्धारित फीस कर भी अपना पंजीयन करा सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पंजीयन प्रक्रिया के दौरान किसान का आधार सत्यापन (Aadhaar verification) अनिवार्य रहेगा। प्रशासन ने सभी किसानों से समय रहते अपना पंजीयन पूरा करने का आग्रह किया है।