विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Mp Groundnut Prices Have Reached 11 000 Yet Farmers Remain Distressed As Recovering Costs Has Become Diffic

MP: मूंगफली का भाव ₹11 हजार तक पहुंचा, फिर भी किसान परेशान, लागत तक निकालना मुश्किल, जाने वजह...

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 13 Oct 2026 02:38 PM IST
सार

  • इस साल कम मानसूनी बारिश ने मूंगफली किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
  • मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, मूंगफली के दाने सही तरीके से विकसित नहीं हुए हैं।
  • मंडी में दाम 11 हजार रुपये तक पहुंच गया है, लेकिन उत्पादन गिरने से किसानों के लिए खेती की लागत को निकालना भी कठिन हो गया है।

इस साल कम बारिश ने मूंगफली किसानों का गणित बिगाड़ा।
इस साल कम बारिश ने मूंगफली किसानों का गणित बिगाड़ा। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस साल कम मानसूनी बारिश ने मध्य प्रदेश के मूंगफली उत्पादक किसानों की चुनौतियां बढ़ा दी हैं। जानकारी के अनुसार, प्रदेश के पांढुर्णा जिले में कम बारिश के चलते मूंगफली के दानों का सही तरीके से विकास नहीं हुआ है, जिस कारण उपज में 75 प्रतिशत तक की भारी गिरावट दर्ज गई है।

दूसरी ओर मंडी में मूंगफली का भाव 11 हजार रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है, लेकिन फसल नुकसान के चलते किसानों के सामने निवेश तक निकालना काफी कठिन हो गया है।

 पैदावार घटकर मात्र एक चौथाई बची
मानसून के दौरान पर्याप्त बारिश न होने से फसल की बढ़वार सीधे तौर पर प्रभावित हुई है। जिले के मरकावाड़ा गांव के किसान भाऊराव करदाते ने जानकारी दी कि उन्होंने अपने एक एकड़ खेत में मूंगफली की बुवाई की थी। सामान्य मौसम में उन्हें एक एकड़ जमीन से लगभग सात क्विंटल उपज मिलने की उम्मीद थी। लेकिन, बारिश की कमी के कारण दानों का विकास नहीं हो पाया और उनका कुल उत्पादन घटकर उम्मीद का केवल 25 प्रतिशत ही रह गया। उत्पादन में इस भारी कमी से उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

खेती का भारी खर्च, भरपाई के मोर्च पर भी चुनौती
मूंगफली की फसल तैयार करने में किसानों की अच्छी-खासी रकम खर्च होती है। एक दूसरे किसान श्रीराम हिंगवे ने बताया कि किसानों को बीज, खाद, दवाइयों और खेत की तैयारी सहित अन्य कृषि कार्यों पर बहुत अधिक पैसा लगाना पड़ता है। किसानों ने इस बार अच्छी पैदावार और बेहतर मुनाफे की उम्मीद में मूंगफली बोई थी। परंतु बारिश की कमी ने उत्पादन को पूरी तरह से बिगाड़ दिया। पैदावार घटने के कारण अब किसानों के सामने खेती पर आई लागत की भरपाई करने की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।

11 हजार का भाव भी नहीं दे पा रहा राहत
वर्तमान में कृषि उपज मंडी में मूंगफली करीब 11 हजार रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिक रही है। मंडी में मिलने वाले ये ऊंचे दाम किसानों के लिए एक अच्छी खबर हो सकते थे, लेकिन 75 प्रतिशत पैदावार घटने से किसानों की कमाई का पूरा गणित ही बिगड़ गया है। सामान्य स्थितियों में जहां एक एकड़ खेत से सात क्विंटल उपज मिल सकती थी, वहीं अब उत्पादन घटकर मात्र एक चौथाई रह गया है। उपज की इसी कमी की वजह से किसान बाजार में मूंगफली के मिल रहे इन ऊंचे भावों का पूरा लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन