विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Mother Dairy Again Hikes Milk Prices Find Out How Much You Will Have To Pay For One Litre

Mother Dairy Milk Price Hike: मदर डेयरी ने फिर बढ़ाए दूध के दाम, जानें एक लीटर के लिए कितने देने होंगे रुपये

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 11 Nov 2026 03:14 PM IST
सार

Mother Dairy Milk Price Hike: मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। जानें टोंड, फुल क्रीम और गाय के दूध की नई कीमतें।

मदर डेयरी ने फिर बढ़ाए दूध के दाम
मदर डेयरी ने फिर बढ़ाए दूध के दाम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली-एनसीआर में दूध की प्रमुख आपूर्तिकर्ता कंपनी मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। नई दरें 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी। कंपनी ने दूध की खरीद लागत बढ़ने को कीमतों में इजाफे की वजह बताया है। इस बढ़ोतरी का असर टोंड, फुल क्रीम, डबल टोंड और गाय के दूध की कीमतों पर पड़ेगा।

12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें
मदर डेयरी ने खुले दूध और पैकेट वाले दूध की अलग-अलग किस्मों के दाम बढ़ाए हैं। इससे पहले कंपनी ने 14 मई 2026 को दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। उससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में बदलाव किया गया था।

मदर डेयरी की ओर से कीमतें बढ़ाने का फैसला ऐसे समय में आया है, जब कुछ दिन पहले कर्नाटक मिल्क फेडरेशन ने भी दूध के दाम बढ़ाए थे। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। हालांकि, मदर डेयरी के प्रवक्ता ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है।

टोंड से लेकर फुल क्रीम तक, देखें नई कीमतें
मदर डेयरी की नई दरों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में टोंड दूध (थोक वितरण) 58 से बढ़कर 60 रुपये और फुल क्रीम दूध 72 से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गया है। टोंड दूध (पाउच) की कीमत 60 से बढ़कर 62 रुपये और डबल टोंड दूध की कीमत 54 से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, गाय का दूध अब 62 के बजाय 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी।

दूध खरीदने की लागत बढ़ने से लिया फैसला
रिपोर्ट के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इससे कंपनी की लागत बढ़ गई है। इसी अतिरिक्त खर्च का कुछ बोझ अब उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों से दूध खरीदने पर खर्च करती है। कंपनी दिल्ली-एनसीआर में रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। वहीं, देशभर में उसकी दैनिक बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है।

20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का है कारोबार
मदर डेयरी ने पिछले वित्त वर्ष में अपना कारोबार 17 प्रतिशत बढ़ाकर 20,300 करोड़ रुपये कर लिया था। कंपनी के दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में बढ़ोतरी से कारोबार को मजबूती मिली। वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।
विज्ञापन
विज्ञापन