Home›Khabar Junction›
Haryana Demand Increase Sugarcane Price Rs 600 Per Quintal Kisan Sabha Protest Surround Cm Residence
हरियाणा : गन्ने का भाव 600 रुपये क्विंटल करने की मांग, आंदोलन करेगी किसान सभा, घेरेंगे CM आवास
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 11 Nov 2026 03:34 PM IST
सार
हरियाणा में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसान सभा ने आंदोलन का ऐलान किया है। 23 नवंबर को पंचायत और 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
हरियाणा में गन्ने की कीमत बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। अखिल भारतीय किसान सभा (AIKS) ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और किसानों की अन्य लंबित मांगों को पूरा करने के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन का एलान किया है। इसके तहत 23 नवंबर को रोहतक जिले की भाली शुगर मिल में किसानों की पंचायत होगी। इसके बाद 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन गांव-गांव जाकर किसानों को आंदोलन से जोड़ने के लिए अभियान भी चलाएगा।
मंगलवार को किसान सभा के पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन की घोषणा की गई। संगठन का कहना है कि हरियाणा के गन्ना किसान 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव की मांग कर रहे हैं। किसानों के मुताबिक, खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार की ओर से घोषित गन्ने का भाव उनकी लागत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
सरकार ने 430 और 450 रुपये प्रति क्विंटल तय किया भाव
हरियाणा सरकार ने अगले दो पेराई सीजन के लिए गन्ने के भाव में कुल 35 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इसके तहत 2026-27 सीजन के लिए गन्ने का भाव 430 रुपये और 2027-28 सीजन के लिए 450 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। हालांकि, किसान सभा ने इस बढ़ोतरी को किसानों के साथ 'क्रूर मजाक' बताया है। संगठन का कहना है कि बढ़ती लागत को देखते हुए गन्ने का भाव काफी कम है और किसान इससे संतुष्ट नहीं हैं।
AIKS के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत के हिसाब से किसानों को उचित भाव नहीं मिल रहा है। इसी वजह से संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां किसानों की समस्याएं दूर करने के बजाय कृषि क्षेत्र की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। इस दौरान AIKS के रोहतक जिला अध्यक्ष सुनील मलिक और सचिव सुमित दलाल भी मौजूद रहे।
26 नवंबर को टिकरी बॉर्डर की ओर मार्च करेंगे किसान
किसान सभा ने संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के आह्वान पर 26 नवंबर को होने वाले देशव्यापी प्रदर्शनों में शामिल होने का भी फैसला किया है। यह प्रदर्शन दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन शुरू होने के छह साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किए जाएंगे। इंद्रजीत सिंह ने बताया कि हरियाणा के किसान बहादुरगढ़ में इकट्ठा होंगे और वहां से टिकरी बॉर्डर की ओर मार्च करेंगे।
किसान सभा का कहना है कि पिछले किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार ने कई मांगों पर विचार करने और उन्हें पूरा करने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक उन पर कार्रवाई नहीं हुई है। इनमें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, बिजली संशोधन विधेयक और बीज विधेयक वापस लेने के साथ किसानों और खेतिहर मजदूरों को कर्ज से राहत देने की मांग शामिल है।
फसल नुकसान के लंबित मुआवजे की भी मांग
रोहतक जिले के स्थानीय मुद्दों को लेकर किसान सभा का एक प्रतिनिधिमंडल 18 नवंबर को जिला उपायुक्त (DC) से मुलाकात करेगा। संगठन के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल किसानों को फसल नुकसान का लंबित मुआवजा जारी करने और सोलर पंप वाले ट्यूबवेल से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग रखेगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।