Home›Khabar Junction›
Mitti Ek Nayi Pehchan Rural Farming Drama Captivates Ott Audiences Draws Comparisons With Swades
Mitti Ek Nayi Pehchan: पंचायत नहीं, गांव-खेती पर बनी ये नई वेब सीरीज करने लगी ट्रेंड, आपने देखा की नहीं?
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Himanshu Mishra
Updated Fri, 18 Jul 2025 04:39 PM IST
सार
अभिनेता ईश्वाक सिंह ने वेब सीरीज 'मिट्टी' में मुख्य भूमिका निभाई है। यह सीरीज ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है और एक ऐसे शहरी प्रोफेशनल की कहानी कहती है जो अपनी जड़ों से फिर से जुड़ता है।
वेब सीरीज मिट्टी का इन दिनों काफी क्रेज देखने को मिल रहा है।
- फोटो : सोशल मीडिया
बॉलीवुड में आजकल ग्रामीण भारत आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। फिल्मों से लेकर वेब सीरीज तक ग्रामीण परिवेश पर तैयार हो रहे हैं। न केवल तैयार हो रहे, बल्कि हर वर्ग के लोगों में इसको लेकर क्रेज भी देखने को मिल रहा है। 'पंचायत' सीरीज के अब तक 4 सीजन आ चुके हैं। इसके वीडियोज भी खूब वायरल होते हैं। लेकिन अब गांव और खासतौर पर खेती से जुड़ी एक और सीरीज आ चुकी है। इसका नाम है 'मिट्टी-एक नई पहचान'। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ये सीरीज खूब धूम मचा रही है। कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़े युवाओं में इस सीरीज को लेकर खासा क्रेज देखने को मिल रहा है।
शहर से गांव आकर दादा की विरासत संभाली
अभिनेता ईश्वाक सिंह ने वेब सीरीज 'मिट्टी' में मुख्य भूमिका निभाई है। यह सीरीज ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित है और एक ऐसे शहरी प्रोफेशनल की कहानी कहती है जो अपनी जड़ों से फिर से जुड़ता है। इसकी कहानी एक सफल कॉरपोरेट एक्जीक्यूटिव के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने शहरी जीवन और ग्रामीण जड़ों के बीच उलझ जाता है। परिवार से जुड़ी पुरानी यादें और एक जिला कृषि अधिकारी के साथ बनता नया रिश्ता उसके जीवन की दिशा बदल देता है। इस सीरीज में ईश्वाक के साथ निखिल जयसवाल और शरद सोनू भी अहम भूमिकाओं में हैं।
शाहरूख की फिल्म से तुलना
इस कहानी की तुलना शाहरुख खान की फिल्म स्वदेश से भी की जा रही है, लेकिन ईश्वाक का कहना है कि दोनों की भावनात्मक यात्रा अलग है। ईश्वाक ने कहा, ‘मिट्टी’ और ‘स्वदेश’ की शुरुआत भले ही मिलती-जुलती हो, लेकिन उनके किरदारों की भावनात्मक यात्रा एकदम अलग है। स्वदेश एक ऐसे व्यक्ति की कहानी थी जो बदलाव लाने की कोशिश करता है, जबकि ‘मिट्टी’ एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो खुद को खोजने निकला है। राघव (मुख्य किरदार) किसी योजना के साथ नहीं आता, वह अपराधबोध, भ्रम और भावनात्मक बोझ के साथ आता है।
उन्होंने आगे कहा, धीरे-धीरे, बातचीत और यादों के जरिए वह दोबारा जुड़ता है। यही इस किरदार को मेरे लिए व्यक्तिगत बना देता है। इसने मुझे याद दिलाया कि घर लौटना हमेशा वीरता का प्रतीक नहीं होता, बल्कि कभी-कभी यह आत्म-चिकित्सा और भावनात्मक सुधार की प्रक्रिया भी होती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक असली गांव में फिल्माई गई इस सीरीज में ग्रामीण जीवन की प्रामाणिक झलक मिलती है, जहां कर्ज, जल संकट और पलायन जैसे मुद्दों को बिना नाटकीयता के दिखाया गया है।
ईश्वाक ने 2013 से शुरू की थी कॅरियर की शुरुआत
ईश्वाक ने 2013 में फिल्म रांझणा से एक छोटे किरदार के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ और तमाशा (2015) में भी छोटे रोल निभाए। उन्हें पहली बड़ी भूमिका रोमांटिक ड्रामा तुम बिन 2 में मिली। इसके बाद वह सोनम कपूर के साथ फिल्म वीरे दी वेडिंग में नजर आए और फिर संजय लीला भंसाली की फिल्म मलाल (2019) में एक भूमिका निभाई।
2020 में ईश्वाक़ ने क्राइम थ्रिलर सीरीज पाताल लोक में एक आदर्शवादी युवा पुलिस अफसर इमरान अंसारी की भूमिका निभाकर दर्शकों की सराहना पाई। 2022 और 2023 में वह रॉकेट बॉयज सीरीज में वैज्ञानिक विक्रम साराभाई की भूमिका में नजर आए, जहां उन्होंने जिम सर्भ के साथ काम किया।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।