विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Middle East Tensions India Animal Product Exports Worth Rs 42 000 Crore Are At Risk

मिडिल ईस्ट तनाव : भारत का 42 हजार करोड़ का एनिमल प्रोडक्ट निर्यात खतरे में, पशुधन और पोल्ट्री उद्योग पर असर

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 13 Mar 2026 08:34 AM IST
सार

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तनाव जारी रहा तो इसका असर केवल भारत ही नहीं बल्कि एशिया और अफ्रीका के पशुधन और चारा बाजारों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में नीति निर्माताओं और उद्योग से जुड़े हितधारकों को निर्यात प्रतिस्पर्धा बनाए रखने और सप्लाई चेन को स्थिर रखने के लिए स्थिति पर करीबी नजर रखने की जरूरत होगी।

देशी पशुधन को नई पहचान
देशी पशुधन को नई पहचान - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य पूर्व में ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के लाइवस्टॉक (पशुधन) और पोल्ट्री सेक्टर पर भी दिखाई देने लगा है। युद्ध और अस्थिरता के कारण ईंधन, उर्वरक और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ रहा है, जिससे पशु चारा उद्योग और निर्यात कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हालात लंबे समय तक ऐसे ही बने रहे तो इसका असर किसानों से लेकर निर्यातकों तक पूरे पशुधन उद्योग पर पड़ सकता है।

42 हजार करोड़ के निर्यात पर असर की आशंका
कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के अनुसार भारत का पशुधन और पशु उत्पाद निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में यह 12.56% बढ़कर 42 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया था। अनुमान था कि 2025-26 में यह 50 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच सकता है, लेकिन मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव ने इस लक्ष्य पर अनिश्चितता बढ़ा दी है। भारत भैंस के मांस (Carabeef) का दुनिया में सबसे बड़ा निर्यातक है। इसके अलावा मांस, डेयरी उत्पाद, खाल और जीवित भेड़-बकरी भी प्रमुख निर्यात उत्पादों में शामिल हैं।

80% निर्यात खाड़ी देशों को
भारतीय पशुधन चारा निर्माता संघ (CLFMA) के चेयरमैन दिव्या कुमार गुलाटी के मुताबिक भारत के 80 प्रतिशत से अधिक पशु उत्पाद निर्यात खाड़ी देशों में जाता है। इनमें यूएई, सऊदी अरब, ओमान और अन्य मध्य पूर्व तथा उत्तरी अफ्रीका (MENA) क्षेत्र के देश प्रमुख बाजार हैं। भारत से अंडों का निर्यात भी यूएई और ओमान को होता है। यदि युद्ध के कारण शिपिंग मार्गों में बाधा या ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी होती है तो इन निर्यातों पर सीधा असर पड़ सकता है।

चारा और उर्वरक की लागत बढ़ने का खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि भू-राजनीतिक तनाव का सबसे बड़ा असर पशु चारा, उर्वरक, ऊर्जा और लॉजिस्टिक्स लागत पर पड़ेगा। ईरान यूरिया का बड़ा वैश्विक निर्यातक है और अगर कीमतें 50-60 डॉलर प्रति टन तक बढ़ती हैं तो चारा फसलों की खेती की लागत भी बढ़ सकती है। इसके अलावा यदि जहाजों को वैकल्पिक मार्गों से भेजना पड़ा, तो ट्रांजिट समय 15-20 दिन तक बढ़ सकता है। इससे फ्रेट, बीमा और कार्यशील पूंजी की लागत बढ़ जाएगी।

निर्यातकों की असली चिंता
फिलहाल निर्यातकों की सबसे बड़ी चिंता मांग में कमी नहीं बल्कि बढ़ती लागत है। महंगा ईंधन, उर्वरक और लॉजिस्टिक्स खर्च मुनाफे को कम कर सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तनाव जारी रहा तो इसका असर केवल भारत ही नहीं बल्कि एशिया और अफ्रीका के पशुधन और चारा बाजारों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में नीति निर्माताओं और उद्योग से जुड़े हितधारकों को निर्यात प्रतिस्पर्धा बनाए रखने और सप्लाई चेन को स्थिर रखने के लिए स्थिति पर करीबी नजर रखने की जरूरत होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन