मथुरा में बोले शिवराज सिंह चौहान : किसान घर में पालें गाय, प्राकृतिक खेती से घटेगा खर्च और बढ़ेगा मुनाफा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 28 Nov 2026 05:10 PM IST
सार
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को प्राकृतिक खेती और पशुपालन अपनाने की सलाह दी। जानिए गाय के गोबर, गोमूत्र और पंचगव्य से खेती और किसानों की आमदनी को कैसे फायदा हो सकता है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को मथुरा के गौ ग्राम परखम पहुंचे। यहां गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई धर्मगुरु भी मौजूद रहे। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से खेती के साथ पशुपालन अपनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का गायों के प्रति प्रेम हमें गोसेवा और गोपालन की प्रेरणा देता है। गाय भारतीय संस्कृति के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार है। गाय का दूध परिवार को पोषण देता है, जबकि गोबर और गोमूत्र प्राकृतिक खेती में काम आते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों को लाभकारी खेती से जोड़ना और गांवों को गरीबी से मुक्त करना उनकी प्राथमिकता है।
प्राकृतिक खेती के लिए गाय पालना जरूरी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्राकृतिक खेती में गोबर, गोमूत्र, छाछ, गुड़ और मिट्टी का महत्वपूर्ण योगदान है। इसके लिए किसानों को अपने घर में गाय पालनी चाहिए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी खेती के छोटे हिस्से में प्राकृतिक खेती शुरू करें।
उन्होंने कहा कि सही तरीके से प्राकृतिक खेती करने पर उत्पादन कम नहीं होगा, बल्कि खेती का खर्च घटने से किसानों का मुनाफा बढ़ सकता है। भविष्य में रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता कम करके ऐसी खेती को बढ़ावा देना होगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जमीन उपजाऊ बनी रहे।
पंचगव्य पर हो रहा वैज्ञानिक शोध
केंद्रीय मंत्री ने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति की प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने वहां पंचगव्य से जुड़े शोध और गायों के लिए विशेष आहार तैयार करने के प्रयोगों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में दूध, घी, दही, गोबर और गोमूत्र यानी पंचगव्य के गुणों और उनके फायदों पर वैज्ञानिक शोध किया जा रहा है। इसके अलावा वनस्पतियों से गायों के लिए विशेष पोषक आहार यानी सुपरफूड तैयार करने पर भी काम होगा। इससे गायों का स्वास्थ्य बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
शिवराज सिंह चौहान ने गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयोग गोपालन को बेहतर बनाने में मददगार साबित हो सकते हैं। उन्होंने जरूरत पड़ने पर इन कार्यों में सहयोग देने का भरोसा भी दिया।
खेती और पशुपालन से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांवों को गरीबी से मुक्त बनाने के लिए खेती और पशुपालन को मजबूत करना जरूरी है। जिन ग्रामीण परिवारों के पास आजीविका का साधन नहीं है, उन्हें खेती, पशुपालन और ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कामधेनु गौशाला जैसे प्रयास किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए कमाई के नए अवसर पैदा कर सकते हैं। छोटे किसानों को ऐसी खेती से जोड़ना जरूरी है, जिससे उन्हें नियमित आमदनी मिल सके।
गांवों को नशामुक्त बनाने की अपील
शिवराज सिंह चौहान ने गांवों को नशामुक्त बनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शराब के बजाय लोगों को दूध पीने की आदत अपनानी चाहिए। नशामुक्त गांवों से ही नशामुक्त भारत का सपना पूरा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भूमि ब्रज गोसेवा, करुणा और सभी जीवों के प्रति प्रेम का संदेश देती है। गायों की सेवा और पालन भारतीय संस्कृति के साथ ग्रामीण जीवन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के विचार का जिक्र करते हुए कहा कि सभी जीवों में एक ही चेतना है। इसलिए पशुओं के प्रति भी प्रेम और संवेदना रखना जरूरी है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।