गन्ने से इथेनॉल बनाने पर संभावित रोक या सीमाओं की चर्चा के बीच पशु आहार उद्योग ने मक्का की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई है। उद्योग का कहना है कि अगर इथेनॉल बनाने वाली कंपनियां मक्का की ज्यादा खरीद करेंगी तो पशु और पोल्ट्री फीड बनाने वाली कंपनियों के लिए मक्का की कमी हो सकती है। क्लफ्मा ऑफ इंडिया (CLFMA of India) के चेयरमैन दिव्या कुमार गुलाटी ने सरकार से पशु आहार क्षेत्र के लिए मक्का की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
गुलाटी के अनुसार, पशु आहार उद्योग के पास मक्का के अलावा सीमित विकल्प हैं, जबकि इथेनॉल का उत्पादन चावल समेत दूसरे अनाजों से भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को दोनों क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाते हुए पहले पशु आहार उद्योग के लिए जरूरी मक्का की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।
मक्का की कमी पर सरकार से लगातार बातचीत
गुलाटी ने बिजनेस लाइन को बताया कि उद्योग की ओर से सरकार के सामने मक्का की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने का मुद्दा लगातार उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल क्षेत्र को जितनी मक्का उपलब्ध कराई जा सकती है, उस पर उद्योग को आपत्ति नहीं है, लेकिन पशु आहार क्षेत्र की जरूरत पहले पूरी होनी चाहिए। उनके मुताबिक, पशु आहार उद्योग में मक्का एक प्रमुख कच्चा माल है और इसकी कमी होने पर उत्पादन लागत बढ़ सकती है।
इस साल मक्का का रकबा घटा
मक्का की उपलब्धता को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि इस साल इसकी खेती का रकबा पिछले साल की तुलना में कम हुआ है। कृषि मंत्रालय के 11 सितंबर तक के ताजा बुवाई आंकड़ों के अनुसार, देश में मक्का का रकबा 91.59 लाख हेक्टेयर रहा, जो पिछले साल के करीब 94.08 लाख हेक्टेयर से 2.64 प्रतिशत कम है।
कर्नाटक में मक्का का रकबा करीब 21 प्रतिशत घटकर 13.38 लाख हेक्टेयर रह गया है। पिछले साल यह करीब 17 लाख हेक्टेयर था। महाराष्ट्र में रकबा 11 प्रतिशत घटकर 12.98 लाख हेक्टेयर रहा, जबकि पिछले साल यह 14.52 लाख हेक्टेयर था। मध्य प्रदेश में रकबा करीब 2 प्रतिशत घटकर 26.4 लाख हेक्टेयर रहा।
कमजोर बारिश से उत्पादन पर असर की आशंका
गुलाटी ने कहा कि मक्का की फसल पर कमजोर और देरी से हुई बारिश का भी असर पड़ सकता है। उन्होंने अल नीनो के संभावित प्रभाव का भी जिक्र किया और कहा कि इससे फसल की पैदावार प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, उत्पादन को लेकर अलग-अलग अनुमान हैं। CLFMA की ओर से कराए जा रहे सैटेलाइट आधारित फसल सर्वे में शुरुआती तस्वीर में मक्का के रकबे में कमी के संकेत मिले हैं।
सैटेलाइट सर्वे में भी रकबा घटने के संकेत
पशु आहार उद्योग ने मक्का की फसल का आकलन करने के लिए सैटेलाइट इमेजरी आधारित सर्वे कराया है। गुलाटी के अनुसार, सर्वे के पहले चरण में करीब 14 प्रतिशत कमी दिखाई दी। दूसरे चरण में कुछ क्षेत्रों में फसल पूरी तरह विकसित नहीं होने के कारण कमी का अनुमान 8-9 प्रतिशत रह सकता है।
उनके अनुसार, अगर रकबे के साथ पैदावार में भी गिरावट आती है तो इस साल मक्का की कुल उपलब्धता में 11-12 प्रतिशत तक की कमी हो सकती है। पिछले साल खरीफ और रबी सीजन को मिलाकर मक्का का उत्पादन करीब 4.5 करोड़ टन रहा था। गुलाटी का अनुमान है कि इस साल उत्पादन 3.8-3.9 करोड़ टन के पुराने स्तर तक जा सकता है।
2,700-2,800 रुपये क्विंटल तक पहुंचा भाव
नई फसल की आवक से पहले मक्का के भाव ऊंचे बने हुए हैं। गुलाटी के अनुसार, मक्का की कीमत करीब 2,700-2,800 रुपये प्रति क्विंटल चल रही है। उनका कहना है कि अगर इथेनॉल उद्योग की मांग बढ़ती है और उत्पादन घटता है तो मक्का की कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि मक्का की कमी से पशु आहार उद्योग की लागत बढ़ सकती है।
पोल्ट्री फीड में मक्का की बड़ी हिस्सेदारी
मक्का पशु आहार उद्योग के लिए प्रमुख कच्चा माल है। खासकर पोल्ट्री फीड में मक्का की हिस्सेदारी करीब 50-60 प्रतिशत तक होती है। इथेनॉल कंपनियों की ओर से मक्का की मांग बढ़ने पर फीड कंपनियों के लिए उपलब्धता कम हो सकती है और खरीद के लिए प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।
मक्का की कीमत बढ़ने का सबसे सीधा असर पोल्ट्री क्षेत्र पर पड़ता है, क्योंकि ब्रॉयलर और लेयर मुर्गियों का चारा मक्का पर काफी निर्भर है। पोल्ट्री उत्पादन की कुल लागत में फीड की हिस्सेदारी करीब 60-70 प्रतिशत बताई जाती है। ऐसे में मक्का महंगा होने पर अंडे और चिकन की उत्पादन लागत भी बढ़ सकती है।
पशु आहार बाजार में लगातार बढ़ोतरी
CLFMA के अनुमान के अनुसार, भारत का पशु आहार बाजार 2025 में करीब 5.773 करोड़ टन के स्तर पर पहुंच गया था। 2020-2025 के दौरान इस बाजार में करीब 8 प्रतिशत की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ोतरी हुई। उद्योग के अनुमान के मुताबिक, पशुपालन क्षेत्र के विस्तार के साथ पशु आहार की मांग भी बढ़ती रहेगी और बाजार की मात्रा 88.96 मिलियन टन तक पहुंच सकती है।
2026-2030 के दौरान पशु आहार बाजार में करीब 9.7 प्रतिशत सालाना वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। ऐसे में उद्योग का कहना है कि मक्का की बढ़ती मांग के बीच पशु आहार और इथेनॉल क्षेत्र की जरूरतों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है, ताकि फीड उद्योग को पर्याप्त कच्चा माल मिल सके।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।