Home›Khabar Junction›
Maharashtra Amid Drought Farmer Earns 12 Lakh From Guava Cultivation Governor Praises Him
महाराष्ट्र : सूखे के बीच किसान ने अमरूद की खेती से कमाए ₹12 लाख, राज्यपाल ने की तारीफ
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 04 Nov 2026 03:10 PM IST
सार
महाराष्ट्र के लातूर में किसान चंद्रकांत सोपान परिहार ने 2.5 एकड़ में ताइवान पिंक अमरूद की खेती से 12 लाख रुपये कमाए। कम बारिश के बावजूद ड्रिप सिंचाई और प्राकृतिक खेती से मिली सफलता पर राज्यपाल ने उन्हें बधाई दी।
महाराष्ट्र के लातूर जिले में कम बारिश के बावजूद एक किसान ने अमरूद की खेती से 12 लाख रुपये की कमाई की है। किसान की इस उपलब्धि की महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने भी सराहना की है।
लातूर जिले की औसा तहसील के बनेगांव निवासी किसान चंद्रकांत सोपान परिहार ने 2.5 एकड़ जमीन पर ताइवान पिंक किस्म के अमरूद की खेती की। उन्होंने फसल में ड्रिप सिंचाई और प्राकृतिक खेती के तरीकों को अपनाया। इससे इस साल जिले में औसत से कम बारिश होने के बावजूद वे अच्छी गुणवत्ता के अमरूद पैदा करने में सफल रहे।
राज्यपाल को भेजे थे अमरूद
अधिकारी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, किसान परिहार ने अपने खेत में पैदा हुए अमरूद राज्यपाल के लिए भेजे थे। राज्यपाल के घरेलू मामलों के नियंत्रक डॉ. निशिकांत देशपांडे ने अमरूद का बॉक्स राज्यपाल को भेंट किया। इसके बाद राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने किसान से फोन पर बात की और उनकी सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कम बारिश की स्थिति में भी बेहतर खेती कर अच्छी कमाई करने के प्रयास की सराहना की।
देश में सबसे ज्यादा अमरूद पैदा करने वाले टॉप-10 राज्य
भारत दुनिया में अमरूद का सबसे बड़ा उत्पादक है। देश में इसकी खेती बड़े पैमाने पर होती है। 2023-24 के आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश अमरूद उत्पादन में पहले नंबर पर है, जबकि उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। टॉप-10 राज्यों की सूची इस प्रकार है:
मध्य प्रदेश- 1,052.30 हजार मीट्रिक टन
उत्तर प्रदेश- 1,032.65 हजार मीट्रिक टन
आंध्र प्रदेश- 499.42 हजार मीट्रिक टन
तमिलनाडु- 386.18 हजार मीट्रिक टन
पंजाब- 311.33 हजार मीट्रिक टन
बिहार- 260.02 हजार मीट्रिक टन
महाराष्ट्र- 257.67 हजार मीट्रिक टन
पश्चिम बंगाल- 223.76 हजार मीट्रिक टन
छत्तीसगढ़- 196.31 हजार मीट्रिक टन
राजस्थान- 183.92 हजार मीट्रिक टन
खास बात : मध्य प्रदेश देश के कुल अमरूद उत्पादन में 19.60 फीसदी हिस्सेदारी के साथ पहले स्थान पर है। उत्तर प्रदेश 19.24 फीसदी हिस्सेदारी के साथ दूसरे नंबर पर है। यूपी का इलाहाबादी अमरूद देशभर में मशहूर है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।