इस रबी मक्के की खेती करने वाले किसान बंपर उपज के लिए शालीमार मक्का हाइब्रिड-5 किस्म का चुनाव कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार, यह किस्म झारखंड के लिए उपयुक्त है।
फायदे का सौदा साबित होगी रबी मक्के की खेती
रबी सीजन में मक्के की खेती किसानों को अच्छा मुनाफा दे सकती है, क्योंकि रबी फसल के उत्पादन में गिरावट के आसार हैं। वहीं, सरकार ने 2026-27 सीजन के इथेनॉल टेंडर से गन्ना आधारित स्रोतों को बाहर कर दिया है। ऐसे में इथेनॉल उत्पादन के लिए मक्का और ज्यादा अहम होने जा रहा है। वहीं, पोलट्री उद्योग की मांग भी किसानों के लिए मक्के के भाव को बेहतर करने का काम कर सकती है।
शालीमार मक्का हाइब्रिड-5 को IMH-221 और DMRH 1417 के नाम से भी जाना जाता है। लगातार तीन खरीफ सीजन के दौरान इस किस्म ने औसतन 6.34 टन प्रति हेक्टेयर दाने की पैदावार दर्ज की है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह पैदावार पहले से मौजूद सबसे अच्छी किस्मों के मुकाबले 15.51 प्रतिशत अधिक है, जो किसानों को अधिक उपज और बेहतर आय दिलाने का भरोसा देती है।
जल्दी पकने और कीट-रोगों से लड़ने की क्षमता
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, इस संकर किस्म की खासियत केवल अधिक पैदावार तक ही सीमित नहीं है। किसानों के लिहाज से इसमें दो बड़े गुण शामिल हैं। पहला यह कि यह जल्दी पककर तैयार होने वाली किस्म है, जिससे किसानों को समय की बचत होती है। दूसरा, इसमें फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले प्रमुख कीटों और गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए मध्यम स्तर की प्रतिरोधक क्षमता मौजूद है, जिससे फसल के सुरक्षित रहने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
राज्य में मक्के का रकबा बढ़ाने में मददगार
आईसीएआर-आईएआरआई (झारखंड) के अनुसार, संस्थान अपने शोध और किस्मों के मूल्यांकन के जरिए राज्य में मक्के की उत्पादकता सुधारने की दिशा में निरंतर काम कर रहा है। वैज्ञानिकों का मानना है कि 'शालीमार मक्का हाइब्रिड-5' जैसी किस्में राज्य के अलग-अलग इलाकों में मक्के की खेती का दायरा बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगी और किसानों के लिए बेहतर पैदावार की नई संभावनाएं लेकर आएंगी।