विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Junk Food Arriving Home In 10 Minutes Half Of Packaged Foods On Quick Commerce Apps Pose Health Risk

10 मिनट में घर पहुंच रहा जंक फूड: क्विक कॉमर्स एप पर आधे से ज्यादा पैकेटबंद खाद्य पदार्थ सेहत के लिए खतरा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 01:07 PM IST
सार

क्विक कॉमर्स एप पर जंक फूड की बढ़ती उपलब्धता बच्चों और युवाओं की सेहत के लिए चिंता बढ़ा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, कई एप पर आधे से ज्यादा पैकेटबंद खाद्य पदार्थ HFSS श्रेणी के हैं।

क्विक कॉमर्स एप पर आधे से ज्यादा पैकेटबंद खाद्य पदार्थ सेहत के लिए खतरा
क्विक कॉमर्स एप पर आधे से ज्यादा पैकेटबंद खाद्य पदार्थ सेहत के लिए खतरा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में 10 मिनट के भीतर सामान घर पहुंचाने वाले क्विक कॉमर्स एप अब लोगों की सेहत के लिए चिंता का कारण बन रहे हैं। इन एप के जरिए चिप्स, बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक और दूसरे पैकेटबंद खाद्य पदार्थ आसानी से घर पहुंच रहे हैं। लेकिन इनमें से कई उत्पाद सेहत के लिए नुकसानदायक हैं।

कंज्यूमर प्लेटफॉर्म लोकल सर्कल्स की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, देश के सात प्रमुख क्विक कॉमर्स एप में से पांच पर बिकने वाले आधे से ज्यादा पैकेटबंद खाद्य पदार्थ अनहेल्दी श्रेणी में आते हैं। इनमें फैट (वसा), शुगर (चीनी) और नमक की मात्रा ज्यादा होती है। ऐसे खाद्य पदार्थों को एचएफएसएस (हाई फैट, शुगर और सॉल्ट) श्रेणी में रखा जाता है। यह रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट की ओर से पैकेटबंद जंक फूड पर लाल रंग की चेतावनी लगाने और ऑनलाइन शॉपिंग ऐप पर भी इसे साफ दिखाने का निर्देश दिए जाने के एक दिन बाद आई है।

ब्लिंकिट और जेप्टो पर सबसे ज्यादा अनहेल्दी उत्पाद
लोकल सर्कल्स ने 25 नवंबर तक सात प्रमुख क्विक कॉमर्स एप पर उपलब्ध उत्पादों की सूची का अध्ययन किया। इसमें सामने आया कि ब्लिंकिट पर बिकने वाले 58 फीसदी पैकेटबंद खाद्य पदार्थ एचएफएसएस श्रेणी के हैं। वहीं, जियोमार्ट पर 55 फीसदी और जेप्टो पर 54 फीसदी उत्पाद इस श्रेणी में आते हैं। स्विगी इंस्टामार्ट और बिग बास्केट पर ऐसे उत्पादों की हिस्सेदारी 52-52 फीसदी है। वहीं, फ्लिपकार्ट मिनट्स पर 48 फीसदी और अमेजन नाउ पर 47 फीसदी पैकेटबंद खाद्य पदार्थ इस श्रेणी के पाए गए।

प्रमुख क्विक कॉमर्स एप पर एचएफएसएस उत्पादों की हिस्सेदारी

प्लेटफॉर्म

अनहेल्दी उत्पाद

ब्लिंकिट

58%

जियोमार्ट

55%

जेप्टो

54%

स्विगी इंस्टामार्ट

52%

बिग बास्केट

52%

फ्लिपकार्ट मिनट्स

48%

अमेजन नाउ

47%

जंक फूड पर लाल चेतावनी लगाना होगा जरूरी
सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद जंक फूड पर अलग से लाल रंग का षट्कोण (हेक्सागन) और चेतावनी से जुड़े चित्र लगाने का निर्देश दिया है। इसमें चिप्स, बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक और ऐसे दूसरे उत्पाद शामिल हैं, जिनमें फैट, चीनी और नमक की मात्रा ज्यादा होती है।

कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, ऑनलाइन शॉपिंग ऐप पर भी इन चेतावनियों को साफ-साफ दिखाना होगा। इसका मकसद ग्राहकों को सामान खरीदने से पहले उसकी सेहत पर पड़ने वाले असर की जानकारी देना है, ताकि वे सोच-समझकर खरीदारी कर सकें।

2035 तक 8.3 करोड़ बच्चे मोटापे के शिकार हो सकते हैं
रिपोर्ट और आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री 2009 से 2023 के बीच 150 फीसदी से ज्यादा बढ़ गई है। इन खाद्य पदार्थों की आसान उपलब्धता और तेजी से घर पहुंचाने की सुविधा के कारण इनका इस्तेमाल बढ़ रहा है। खासकर बच्चे और युवा इनकी तरफ तेजी से आकर्षित हो रहे हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर जंक फूड की बढ़ती खपत पर रोक नहीं लगी तो आने वाले वर्षों में मोटापे की समस्या गंभीर हो सकती है। अनुमान है कि भारत में मोटापे से ग्रस्त बच्चों की संख्या 2020 के 3.3 करोड़ से बढ़कर 2035 तक 8.3 करोड़ हो सकती है।

ऐसे में क्विक कॉमर्स कंपनियों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। ग्राहकों को उत्पादों की सही जानकारी देना और उनकी सेहत से जुड़े चेतावनी लेबल को स्पष्ट दिखाना जरूरी है। इससे लोग ऑनलाइन खरीदारी करते समय खाद्य पदार्थों के चुनाव को लेकर अधिक सतर्क हो सकेंगे।


विज्ञापन
विज्ञापन