झारखंड सरकार प्रदेश में फसल उपज बढ़ाने और किसानों को खेती के आधुनिक तरीकों से जोड़ने के लिए 26 नवंबर से प्रमंडलीय स्तर पर कृषि मेलों का आयोजन करने का फैसला लिया है। जानकारी के अनुसार, ये मेले 25 फरवरी 2027 तक चलेंगे, जहां किसानों को एक ही छत के नीचे किसान क्रेडिट कार्ड ऋण, उन्नत किस्म के बीज, आधुनिक कृषि यंत्र और पशुओं के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। कृषि विभाग का कहना है कि इस पहल का मुख्य मकसद किसानों तक खेती में आ रही नई तकनीकों की जानकारी पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना है।
हर प्रमंडल को 40 लाख रुपये का बजट, अधिकारियों को मिले निर्देश
कृषि विभाग के मुताबिक, इन प्रमंडलीय आयोजनों को सुचारू रूप से चलाने के लिए हर प्रमंडल को 40 लाख रुपये का बजट दिया गया है। तैयारियों की समीक्षा के बाद कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने संयुक्त कृषि निदेशकों, जिला कृषि पदाधिकारियों और अनुमंडल सह प्रभारी अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश जारी किए हैं। निदेशक ने अधिकारियों को तय समय सारणी के अनुसार प्रमंडलीय कृषि मेले आयोजित करने और प्राथमिकता के साथ सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है।
पलामू में 26 और 27 नवंबर को रबी फसलों व पशु चिकित्सा पर रहेगा जोर
विभागीय कार्यक्रम के अनुसार, इन मेलों की शुरुआत पलामू प्रमंडल से होगी, जहां 26 और 27 नवंबर 2026 को पहला मेला लगेगा। अधिकारियों के मुताबिक, यहां मुख्य रूप से रबी फसलों की सामग्री, ऋण शिविर और सर्दियों की सब्जियों पर ध्यान दिया जाएगा। मेले में गेहूं, चना, सरसों और मसूर के बीजों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड बांटे जाएंगे, जीरो-टिल और कतार में बुवाई का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा तथा पशुओं के लिए सामूहिक टीकाकरण और चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे।
चाईबासा में 17 और 18 दिसंबर को डेयरी, चारा और बागवानी की मिलेगी जानकारी
कृषि विभाग के अनुसार, श्रृंखला का दूसरा मेला 17 और 18 दिसंबर 2026 को चाईबासा में आयोजित होगा। यहां डेयरी, पशु चारा, बागवानी, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के विपणन, पैक्स व्यावसायिक योजना और व्यापारिक ऋण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, मेले में किसानों को बरसीम और जई के चारे के मिनीकिट दिए जाएंगे। इसके अलावा बागवानी व फूलों के स्टॉलों के जरिए कृत्रिम गर्भाधान और पशु नस्ल सुधार की पूरी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
दुमका में 21 और 22 जनवरी को सिंचाई तकनीक और यंत्र बैंक पर होगा फोकस
विभागीय समय सारणी के मुताबिक, तीसरा प्रमंडलीय मेला दुमका में 21 और 22 जनवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा। यहां मिट्टी जांच, बीज वितरण, कृषि यंत्रीकरण, तालाब निर्माण और सूक्ष्म सिंचाई जैसे विषयों पर जोर रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, किसानों को धान की उन्नत किस्मों की योजना, कृषि यंत्र बैंक, ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई के पंजीकरण के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए बकरी और मुर्गी पालन की व्यावसायिक प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
हजारीबाग में 25 और 26 फरवरी को होगा अंतिम आयोजन
कृषि विभाग के अनुसार, इस श्रृंखला का आखिरी मेला हजारीबाग में 25 और 26 फरवरी 2027 को लगेगा। यहां खरीफ फसल की शुरुआती देखरेख, मछली पालन, मुर्गी व बकरी पालन, मानसून में पशु स्वास्थ्य और व्यावसायिक ऋण पर मुख्य काम होगा। विभागीय जानकारी के मुताबिक, किसानों को बीजोपचार तकनीक, गर्मी व मानसून की सब्जियों की नर्सरी तैयार करने, फलदार बागों के प्रबंधन और पशु टीकाकरण कैलेंडर की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।