रबी फसलों की बुवाई में सुस्ती बनी हुई है। 13 नवंबर तक के बुवाई के आंकड़े गेहूं से तिलहन फसलों तक के रकबे में गिरावट दिखा रहे हैं। कृषि मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, रबी फसलों का कुल रकबा 178.25 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है, जबकि बीते साल 13 नवंबर तक यह आंकड़ा 201.04 लाख हेक्टेयर था। दूसरे शब्दों में कहें तो वर्तमान में रबी की बुवाई 11.34 प्रतिशत पीछे चल रही है। बीते मानसूनी सीजन में कम बारिश और अल नीनो बुवाई में इस सुस्ती के प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
गेहूं की बुवाई में 15.28 प्रतिशत की गिरावट, 336 लाख हेक्टेयर का लक्ष्य
रबी सीजन की सबसे प्रमुख फसल गेहूं के रकबे में भी कमी आई है। रिपोर्ट के अनुसार, 13 नवंबर तक देश में 50.07 लाख हेक्टेयर रकबे में गेहूं की बुवाई हुई है, जबकि पिछले साल इसी समय में यह आंकड़ा 59.10 लाख हेक्टेयर था। कृषि मंत्रालय ने 2026-27 के लिए गेहूं का रकबा 336 लाख हेक्टेयर अनुमानित किया है।
दलहन रकबा 14.34 प्रतिशत गिरा, चने की बुवाई में 21.59 प्रतिशत की कमी
गेहूं के बाद दलहन फसलों के कुल रकबे में भी गिरावट आई है। आंकड़ों के मुताबिक, 13 नवंबर तक दालों का कुल रकबा पिछले साल के 54.87 लाख हेक्टेयर से 14.34 प्रतिशत घटकर 47 लाख हेक्टेयर रह गया है। दालों में सबसे बड़ा झटका चने को लगा है, जिसका रकबा 39.70 लाख हेक्टेयर से 21.59 प्रतिशत गिरकर 31.13 लाख हेक्टेयर पर आ गया है। इसके विपरीत, मसूर की बुवाई 13.89 प्रतिशत बढ़कर 7.66 लाख हेक्टेयर और उड़द का रकबा 13.59 प्रतिशत बढ़कर 0.91 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया है।
सरसों और कुल तिलहन बुवाई 7.37 प्रतिशत घटी, अलसी और मूंगफली में सुधार
खाद्य तेलों के लिए आयात पर निर्भरता के बीच तिलहन के रकबे में गिरावट चिंता का विषय बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, तिलहन का कुल रकबा पिछले साल के 66.62 लाख हेक्टेयर से 7.37 प्रतिशत घटकर 61.71 लाख हेक्टेयर रह गया है। प्रमुख रबी तिलहन फसल सरसों और तोरिया का रकबा 64.78 लाख हेक्टेयर के मुकाबले 8.45 प्रतिशत घटकर 59.31 लाख हेक्टेयर रहा। हालांकि, मूंगफली का रकबा बढ़कर 0.92 लाख हेक्टेयर और अलसी की बुवाई बढ़कर 1.04 लाख हेक्टेयर तक पहुंची है, लेकिन यह बढ़ोतरी सरसों में आई कमी की भरपाई के लिए पर्याप्त नहीं है।
मोटे अनाज के रकबे में सुस्ती, मक्के की बुवाई में 6.54 प्रतिशत की बढ़त
रिपोर्ट के मुताबिक, मोटे अनाजों की कुल बुवाई 5.12 प्रतिशत घटकर 11.56 लाख हेक्टेयर रह गई है। इसके उलट, मक्के के रकबे में 6.54 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है और यह बढ़कर 3.41 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। मक्के में आई इस बढ़त के पीछे इथेनॉल कारखानों में इसके उपयोग को अहम कारण बताया जा रहा है।