विज्ञापन
Home› Khabar Junction› India S Soybean Oil Imports Rise Sharply While Palm Oil Maintains Dominance

भारत में तेजी से पैर पसार रहा विदेशी सोयाबीन तेल : कुल खाद्य तेल आयात में हिस्सा बढ़ा, पाम तेल का दबदबा कायम

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 19 Nov 2026 03:03 PM IST
सार

  • बीते सालों में भारत के कुल खाद्य तेल आयात में सोयाबीन का हिस्सा तेजी से बढ़ा है
  • 2020-21 में खाद्य तेल की आयात टोकरी में सोयाबीन तेल का हिस्सा 21.8 प्रतिशत था, जो 2025-26 में 34.5 प्रतिशत पहुंच गया है
  • इस बढ़त के बाद भी वर्तमान में कच्चा पाम तेल भारत की इस आयात टोकरी का सबसे बड़ा हिस्सा है

 

भारतीय बाजार में तेजी से पैर पसार रहा है विदेशी सोयाबीन तेल।
भारतीय बाजार में तेजी से पैर पसार रहा है विदेशी सोयाबीन तेल। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत की विदेश से खाद्य तेल की खरीद में सोयााबीन तेल का हिस्सा तेजी से बढ़ रहा है। उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, साल 2020-21 के कुल खाद्य तेल आयात में सोयाबीन तेल का हिस्सा 21.8 प्रतिशत था, जो साल 2025-26 में बढ़कर 34.5 प्रतिशत पर पहुंच गया है। इन सालों में देश का कुल खाद्य तेल आयात 5.7 प्रतिशत की सालाना बढ़त के साथ 160.1 लाख टन से बढ़कर 169.2 लाख टन दर्ज किया गया है।

पाम तेल का दबदबा कायम, विदेशी सोयाबीन तेल की आवक में मजबूती 
आंकड़े बताते हैं कि कच्चा पाम तेल सबसे ज्यादा आयात होने वाला तेल है। साल 2025-26 में पाम तेल का आयात पिछले वर्ष के 75.8 लाख टन से बढ़कर 82.2 लाख टन हो गया, हालांकि यह वर्ष 2022-23 के 97.8 लाख टन और 2023-24 के 90.1 लाख टन से कम रहा। दूसरी ओर, सोयाबीन तेल के आयात में लगातार मजबूती आई है, जो वर्ष 2023-24 के 34.4 लाख टन और 2024-25 के 54.6 लाख टन से उछलकर वर्ष 2025-26 में 58.3 लाख टन तक पहुंच गया।

युद्ध और ऊंची कीमतों से सूरजमुखी तेल का आयात घटा
आंकड़ों के अनुसार, मजबूत कीमतों और काला सागर के रास्ते में रुकावट के कारण सूरजमुखी तेल के आयात में गिरावट देखी गई है। साल 2025-26 में इसका आयात घटकर 28.4 लाख टन रह गया, जो पिछले वर्ष 29.3 लाख टन था। इससे पहले वर्ष 2023-24 में सूरजमुखी तेल का आयात 35 लाख टन रहा था। यूक्रेन और रूस सूरजमुखी तेल के मुख्य निर्यातक हैं, लेकिन वहां लॉजिस्टिक चुनौतियों के चलते सप्लाई बाधित हुई है और अर्जेंटीना जैसे वैकल्पिक आपूर्तिकर्ता भी इस कमी की पूरी भरपाई नहीं कर सके।

ब्राजील-अर्जेंटीना से सस्ती सप्लाई बनी भारतीय आयातकों की पसंद
सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक बी.वी. मेहता के अनुसार, रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते काला सागर क्षेत्र में आई रुकावटों ने भारत को अपनी घरेलू मांग पूरी करने के लिए सोयाबीन और पाम तेल पर निर्भरता बढ़ाने को प्रेरित किया है। उन्होंने बताया कि इसके पीछे कीमतों का अंतर भी एक प्रमुख वजह है। अर्जेंटीना और ब्राजील में सोयाबीन तेल की व्यापक उपलब्धता के कारण भारतीय रिफाइनरियों के लिए यह मूल्य के लिहाज से काफी किफायती और प्रतिस्पर्धी साबित हो रहा है।

घरेलू उत्पादन स्थिर रहने से अंतरराष्ट्रीय बाजार से बढ़ी खरीदारी
क्रिसिल के वरिष्ठ निदेशक राहुल गुहा के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कम कीमतों और देश में उत्पादन स्थिर रहने के चलते वर्ष 2025-26 में सोयाबीन तेल का आयात बढ़ा है। हालांकि, वर्ष के अंतिम महीनों में बायोडीजल आवश्यकताओं और पश्चिम एशिया में आपूर्ति संबंधी रुकावटों से इसकी गति थोड़ी संतुलित हुई। उन्होंने बताया कि दुनिया भर में कम उपज के कारण सूरजमुखी तेल की कीमतें महंगी हो गईं, जिससे भारतीय बाजार में इसकी मांग में कमी आई।

सालाना 260 लाख टन की खपत और 65 प्रतिशत आयात पर निर्भरता
उद्योग के अनुमान के मुताबिक, भारत अपनी खाद्य तेल जरूरतों के लिए 60 से 65 प्रतिशत तक विदेशी आयात पर निर्भर रहता है। देश में खाद्य तेल की वार्षिक खपत लगभग 260 लाख टन है, जबकि घरेलू उत्पादन से केवल 40 प्रतिशत मांग ही पूरी हो पाती है। देश का कुल खाद्य तेल आयात वर्ष 2021-22 में 140.2 लाख टन था, जो वर्ष 2022-23 में 164.6 लाख टन और 2023-24 में 159.6 लाख टन रहने के बाद अब वर्ष 2025-26 में बढ़कर 169.2 लाख टन पर पहुंच गया है।


विज्ञापन
विज्ञापन