विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Bihar Cultivated Area Increased In 2025 26 Yet Foodgrain Production Fell By 4 Lakh Tonnes Unseasonal Rain A

Bihar: 2025-26 में रकबा बढ़ा पर 4 लाख टन घटा खाद्यान्न उत्पादन, गेहूं-धान की उत्पादकता में आई कमी, मक्का चमका

गांव जंक्शन डेस्क, पटना Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 19 Nov 2026 01:04 PM IST
सार

  • बिहार में साल 2025-26 के दौरान कुल खाद्यान्न उत्पादन में गिरावट देखने को मिली है।
  • सरकार की फसल कटाई रिपोर्ट के अनुसार, इस गिरावट की बड़ी वजह गेहूं और धान के उत्पादन में आई भारी कमी है
  • साल 2025 के सितंबर और अक्तूबर में हुई भारी बारिश और कीटों के हमले ने रकबे में बढ़त के बाद भी 
  • फसल उत्पादन में गिरावट लाने का काम किया है।

मौसम और कीटों की वजह से बिहार के खाद्यान्न उत्पादन में गिरावट।
मौसम और कीटों की वजह से बिहार के खाद्यान्न उत्पादन में गिरावट। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के खाद्यान्न उत्पादन में खराब मौसम और कीटों के हमलों ने गिरावट लाने का काम किया है। साल 2025-26 के दौरान फसल रकबे में बढ़ोतरी के बाद भी प्रदेश का कुल खाद्यान्न उत्पादन 4 लाख टन नीचे गिर गया। सरकार की अंतिम फसल कटाई रिपोर्ट में यह आंकड़ा सामने आया है। रिपोर्ट बताती है कि खराब मौसम और कीटों के हमलों के कारण धान-गेहूं के उत्पादन और प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में भारी कमी आई है।

कुल खाद्यान्न उत्पादन 247 लाख टन से घटकर 243 लाख टन रहा
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में अनाज, दलहन और तिलहन का कुल उत्पादन 243 लाख टन रहा, जबकि इससे पिछले वर्ष 2024-25 में यह 247 लाख टन दर्ज किया गया था। रिपोर्ट में साफ किया गया है कि खाद्यान्न उत्पादन में आई इस गिरावट की मुख्य वजह चावल और गेहूं के उत्पादन में आई भारी कमी है।

धान और गेहूं के कुल उत्पादन में बड़ी गिरावट दर्ज
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, साल 2025-26 में चावल का उत्पादन घटकर 91.10 लाख टन रह गया, जो पिछले वर्ष 99.34 लाख टन था। इसी तरह गेहूं का कुल उत्पादन भी पिछले साल के 78.27 लाख टन से गिरकर 72.21 लाख टन पर आ गया। रिपोर्ट में इस बात को रेखांकित किया गया है कि उत्पादन में यह कमी ऐसे समय में सामने आई है, जब पिछले साल की तुलना में खुले बाजार में चावल और गेहूं की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा रही है।

प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में भी आई तेज कमी
रिपोर्ट के अनुसार, 2025-26 में फसलों की प्रति हेक्टेयर उपज में भी गिरावट दर्ज की गई। राज्य में धान की औसत उत्पादकता 2,970 किलो प्रति हेक्टेयर से घटकर 2,725 किलो प्रति हेक्टेयर रह गई। इसी तरह, गेहूं की औसत उत्पादकता 3,344 किलो प्रति हेक्टेयर से घटकर 2,969 किलो प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई।

रकबा बढ़ने से मक्के के उत्पादन में 9.64 लाख टन की बढ़ोतरी
चावल और गेहूं के उलट मक्के की पैदावार में सुधार देखने को मिला है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025-26 में मक्के का कुल उत्पादन 75.64 लाख टन तक पहुंच गया, जबकि पिछले साल यह 66 लाख टन था। मक्के की बुवाई के रकबे में विस्तार और उत्पादकता में मामूली सुधार के चलते इसके कुल उत्पादन में बढ़त देखने को मिली है।

सितंबर-अक्टूबर की भारी बारिश और कीटों के हमले ने बिगाड़ा गणित
जानकारों के अनुसार, खाद्यान्न उत्पादन में आई इस गिरावट का बड़ा कारण सितंबर के आखिरी दिनों और अक्तूबर 225 में हुई भारी बारिश है। इस बेमौसम बारिश की वजह से खेत में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा था और फसलों में कीटों का प्रकोप बढ़ते देखा गया। दूसरी तरफ बारिश के कारण लंबे समय तक मिट्टी में अधिक नमीन ने गेहूं और दूसरी रबी फसलों की समय पर बुवाई पर खराब असर डाला।

बुवाई का क्षेत्र बढ़कर 73.09 लाख हेक्टेयर हुआ, पर पैदावार घटी
योजना एवं विकास विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, खरीफ, रबी और जायदा तीनों मौसमों को मिलाकर प्रदेश का कुल बुवाई रकबा साल 2025-26 में बढ़कर 73.09 लाख हेक्टेयर हो गया, जो पिछले वर्ष 71.05 लाख हेक्टेयर था। लेकिन, बुवाई के रकबे में हुई इस बढ़तर का लाभ कुल पैदावार पर नहीं दिखा और खराब मौसम के चलते अंतिम उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई।


विज्ञापन
विज्ञापन