देश के कुल प्याज उत्पादन में महाराष्ट्र की 44 प्रतिशत हिस्सेदारी
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश के कुल प्याज उत्पादन में अकेले महाराष्ट्र का योगदान लगभग 44 प्रतिशत रहता है। राज्य के भीतर नासिक जिला प्याज की पैदावार और इसके व्यापार का सबसे प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां से देश के बड़े हिस्से में प्याज की आपूर्ति की जाती है।
घरेलू खपत और निर्यात के बाद भी बचेगा 63 लाख टन प्याज
हॉर्टिकल्चर प्रोड्यूस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (HPEA) के उपाध्यक्ष विकास सिंह के अनुसार, उत्पादन में संभावित मामूली गिरावट के बावजूद यह अनुमान काफी उत्साहजनक है। उन्होंने बताया कि भारत में प्याज की सालाना घरेलू खपत करीब 210 लाख टन है, जबकि सालाना निर्यात लगभग 15 से 16 लाख टन के बीच रहता है। घरेलू खपत और निर्यात दोनों को पूरा करने के बाद भी देश में लगभग 63 लाख टन प्याज अधिशेष (सरप्लस) के रूप में बचा रहेगा, जिससे बाजार में आपूर्ति को लेकर कोई संकट नहीं होगा।
सब्जियों के कुल उत्पादन में 4.35 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान
सरकारी अनुमानों के मुताबिक, एक तरफ जहां प्याज के उत्पादन में गिरावट देखी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ देश में सब्जियों के कुल उत्पादन में 4.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। देश में सब्जियों की कुल पैदावार वर्ष 2024-25 के 2,177.97 लाख टन से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 2,272.68 लाख टन तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।
सब्जी बुवाई के रकबे में विस्तार और प्रमुख फसलों की बेहतर पैदावार
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में सब्जियों की खेती का कुल रकबा 117.91 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 119.31 लाख हेक्टेयर होने की संभावना है। कुल सब्जी उत्पादन में इस बढ़ोतरी का श्रेय आलू, टमाटर, बैंगन, लौकी, खीरा, पत्तागोभी, बीन्स और मटर की बेहतर पैदावार को दिया जा रहा है।