विज्ञापन
Home› Khabar Junction› If It Not Made From Milk Word Paneer Cannot Be Written On Packet Fssai Has Released Draft

Paneer: दूध से नहीं बना है तो पैकेट पर ‘पनीर’ नहीं लिख सकेंगे, FSSAI ने जारी किया ड्राफ्ट

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 24 Sep 2026 03:48 PM IST
सार

दूध के बजाय वनस्पति तेल, स्टार्च या दूसरी गैर-डेयरी सामग्री से बने पनीर जैसे उत्पादों के पैकेट पर ‘पनीर’ नाम इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। FSSAI ने इसके लिए ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी कर सुझाव मांगे हैं।

पनीर
पनीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बाजार में बिकने वाले ऐसे उत्पादों पर अब ‘पनीर’ नाम लिखने की अनुमति नहीं होगी, जो दूध के बजाय वनस्पति तेल, स्टार्च या दूसरी गैर-डेयरी चीजों से बनाए जाते हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने ऐसे उत्पादों की पैकेजिंग और मार्केटिंग को लेकर एक ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया है।

FSSAI के प्रस्ताव के मुताबिक, दूध से बने पनीर के अलावा दूसरे पदार्थों से तैयार किए गए पनीर जैसे उत्पादों को पैकेट पर ‘पनीर’ नाम से बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे उत्पादों के लिए अलग नाम का इस्तेमाल करना होगा, ताकि ग्राहक को यह साफ पता चल सके कि उत्पाद असली दूध से बना है या नहीं।

डेयरी एनालॉग के नाम में भी बदलाव
FSSAI के मुताबिक, जो डेयरी एनालॉग फिलहाल ‘डेयरी कॉन्टेक्स्ट में एनालॉग’ श्रेणी में पंजीकृत हैं, उन्हें भी आगे अलग नाम से बेचना होगा। यानी केवल पनीर जैसा दिखने या स्वाद होने से किसी उत्पाद को ‘पनीर’ नाम नहीं दिया जा सकेगा।

क्यों लिया गया फैसला?
बाजार में कई ऐसे उत्पाद उपलब्ध हैं, जो देखने और इस्तेमाल में पनीर जैसे होते हैं, लेकिन इन्हें बनाने में दूध का इस्तेमाल नहीं किया जाता। इनमें वनस्पति तेल, स्टार्च और अन्य गैर-डेयरी सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे उत्पादों को ‘पनीर’ नाम से बेचे जाने पर ग्राहकों को भ्रम हो सकता है। FSSAI का प्रस्ताव ऐसे उत्पादों की पहचान स्पष्ट करने और उपभोक्ताओं को सही जानकारी देने के उद्देश्य से लाया गया है।

अभी सुझाव मांगे गए हैं
FSSAI ने इस संबंध में ड्राफ्ट नोटिफिकेशन जारी किया है। फिलहाल यह अंतिम नियम नहीं है। प्रस्ताव पर संबंधित पक्षों और लोगों से सुझाव मांगे गए हैं। सुझावों पर विचार के बाद नियम को अंतिम रूप दिया जाएगा।

नए नियम लागू होने के बाद गैर-डेयरी सामग्री से बने पनीर जैसे उत्पादों की पैकेजिंग और विज्ञापन में ‘पनीर’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट व्यवस्था होगी। इससे ग्राहक को उत्पाद खरीदते समय यह पहचानने में आसानी होगी कि वह दूध से बना पनीर खरीद रहा है या पनीर जैसा कोई अन्य उत्पाद।
विज्ञापन
विज्ञापन