विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Himachal Pradesh Vice Chancellor Selection Committees At Agricultural And Horticultural Universities Have Been

हिमाचल प्रदेश : कृषि और बागवानी विश्वविद्यालयों में कुलपति चयन की कमेटियां बदलीं, प्रो. बाजपेयी को मिली कमान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 09:40 AM IST
सार

  • हिमाचल के कृषि और बागवानी विश्वविद्यालयों की सर्च कमेटियों में बदलाव।

  • पूर्व कुलपति प्रो. अरुण दिवाकर नाथ बाजपेयी दोनों कमेटियों के अध्यक्ष बनाए गए।

  • पहले यह जिम्मेदारी राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज के पास थी।

  • दोनों कमेटियां कुलपति पद के लिए 3 से 5 नामों का पैनल तैयार करेंगी।

कृषि और बागवानी विश्वविद्यालयों में कुलपति चयन की कमेटियां बदलीं
कृषि और बागवानी विश्वविद्यालयों में कुलपति चयन की कमेटियां बदलीं - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के कृषि और बागवानी विश्वविद्यालयों में नए कुलपति की नियुक्ति की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता ने दोनों विश्वविद्यालयों में कुलपति चयन के लिए बनाई गई सर्च कमेटियों में बदलाव किया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के पूर्व कुलपति प्रो. अरुण दिवाकर नाथ बाजपेयी को दोनों कमेटियों का अध्यक्ष और सदस्य नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज के पास थी।

लोकभवन सचिवालय ने 26 नवंबर को इस संबंध में अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं। यह बदलाव हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के फैसले के अनुपालन में किया गया है। इसके लिए 28 अक्तूबर को जारी अधिसूचनाओं में आंशिक संशोधन किया गया है।

दोनों विश्वविद्यालयों की कमेटियों में कौन-कौन शामिल?
इस बदलाव के तहत डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी और चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर के कुलपति चयन के लिए गठित कमेटियों में प्रो. बाजपेयी को कुलाधिपति का प्रतिनिधि बनाया गया है। दोनों कमेटियों में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट सदस्य होंगे। हालांकि, दोनों विश्वविद्यालयों की कमेटियों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अध्यक्ष के प्रतिनिधि अलग-अलग होंगे।
  1. नौणी बागवानी विश्वविद्यालय: केंद्रीय विश्वविद्यालय ओडिशा के कुलपति डॉ. अजीत कुमार शासनी यूजीसी अध्यक्ष के प्रतिनिधि होंगे।
  2. पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय: पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ की कुलपति प्रो. मीनाक्षी गोयल यूजीसी अध्यक्ष की प्रतिनिधि होंगी।
कुलपति पद के लिए तैयार होगा 3 से 5 नामों का पैनल
प्रो. अरुण दिवाकर नाथ बाजपेयी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के पूर्व कुलपति रह चुके हैं। उन्होंने अर्थशास्त्र में एमए और पीएचडी की है। आर्थिक सिद्धांत, विकास अर्थशास्त्र और आध्यात्मिक अर्थशास्त्र उनके विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। अधिसूचनाओं के अनुसार, दोनों सर्च कमेटियां कुलपति पद के लिए 3 से 5 नामों का पैनल तैयार करेंगी। इस पैनल को अंतिम चयन के लिए कुलाधिपति के पास भेजा जाएगा। कमेटियों की चयन प्रक्रिया, बैठकों के तरीके और मुख्यालय सहित 28 अक्तूबर की अधिसूचनाओं में तय किए गए बाकी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन