विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Himachal Pradesh Protest Against Stamp Duty Hike Kisan Sabha Warns Of Agitation

हिमाचल प्रदेश : स्टांप शुल्क बढ़ोतरी का विरोध, किसान सभा ने दी आंदोलन की चेतावनी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 06 Nov 2026 07:04 PM IST
सार

  • हिमाचल किसान सभा ने स्टांप शुल्क में बढ़ोतरी का विरोध किया।

  • मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त सोलन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

  • करीब 40 श्रेणियों के लेन-देन पर शुल्क दरों में बदलाव का दावा।

  • जमीन की खरीद-फरोख्त और रजिस्ट्री कराना होगा महंगा।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश में स्टांप शुल्क बढ़ाने के राज्य सरकार के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। हिमाचल किसान सभा ने शुक्रवार को इस बढ़ोतरी के खिलाफ मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन सोलन के उपायुक्त के माध्यम से भेजा गया। सभा ने सरकार से बढ़ी हुई दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की है।

किसान सभा का कहना है कि स्टांप शुल्क में भारी बढ़ोतरी से आम परिवारों, किसानों और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। जमीन-जायदाद की खरीद-फरोख्त, संपत्ति हस्तांतरण और रजिस्ट्री कराने में पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। इसके अलावा शपथपत्र, समझौता, मुख्तारनामा, बंधक विलेख और लीज जैसे कानूनी दस्तावेज बनवाना भी महंगा हो जाएगा।

करीब 40 तरह के लेन-देन पर बढ़ा शुल्क
किसान सभा के अनुसार, नए विधेयक में करीब 40 श्रेणियों के लेन-देन पर स्टांप शुल्क की दरों में बदलाव किया गया है। इसका असर जमीन-जायदाद से जुड़े कई तरह के कानूनी कामों पर पड़ेगा। सभा ने कहा कि इस फैसले से छोटे किसानों, सीमित जमीन वाले परिवारों और निम्न-मध्यम वर्ग के लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है।

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी
किसान सभा ने सरकार से बढ़ी हुई दरें वापस लेने और आम लोगों को राहत देने की मांग की है। सभा का कहना है कि सरकार को किसानों, छोटे भूस्वामियों और निम्न-मध्यम वर्ग के हितों का ध्यान रखना चाहिए। साथ ही, जमीन और संपत्ति से जुड़े जरूरी कामों को आम लोगों की पहुंच में बनाए रखना चाहिए। सभा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो प्रदेशभर में व्यापक जन-आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन