विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Health Jeopardy Paneer Being Made From Oil And Powder Not Milk 1800 Kg Adulterated Goods Seized

सेहत से खिलवाड़: दूध नहीं, तेल-पाउडर से बना रहे थे पनीर... 1800 किलो मिलावटी माल जब्त

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 24 Oct 2026 04:54 PM IST
सार

राजस्थान के डीग में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी कर 1,800 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया। सोयाबीन, पाम ऑयल और मिल्क पाउडर से पनीर बनाने का आरोप है।

राजस्थान के डीग में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी कर 1,800 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया।
राजस्थान के डीग में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी कर 1,800 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के डीग जिले के मेवात क्षेत्र में मिलावटी पनीर बनाने के खिलाफ पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीमों ने दो जगहों पर छापेमारी कर करीब 1,800 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया। पुलिस के मुताबिक, इस पनीर को असली दूध के बजाय सोयाबीन, पाम ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर (SMP) जैसी चीजों को मिलाकर तैयार किया जा रहा था।

मौके पर मिले पनीर को नष्ट करा दिया गया। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मेवात क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिलावटी पनीर बनाकर दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है।

जाजमका गांव में 1,600 किलो पनीर जब्त
पुलिस ने जाजमका गांव में शरीफ के मकान में चल रही मकसूद की डेयरी पर छापा मारा। पुलिस के अनुसार, यहां सोयाबीन और पाम ऑयल की मदद से मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान कुछ लोग भाग गए, जबकि मुनीम साहिल को गिरफ्तार कर लिया गया। इस डेयरी से करीब 1,600 किलो मिलावटी पनीर बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

मांछी के जंगल में भी चल रही थी डेयरी
दूसरी कार्रवाई मांछी के जंगल में अयूब और मुफीद की डेयरी पर की गई। यहां पिकअप वाहन और टिनशेड में पनीर बनाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी अली उर्फ अलीजान को गिरफ्तार किया। इस ठिकाने से करीब 200 किलो पनीर, स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 कट्टे, रिफाइंड पाम ऑयल, सोयाबीन ऑयल और मशीन की सफाई में इस्तेमाल होने वाला पाउडर जब्त किया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया।

दिल्ली-NCR, यूपी और हरियाणा में होती थी सप्लाई
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पनीर हर दो-तीन दिन में तैयार किया जाता था। इसकी सप्लाई दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अन्य बाजारों में की जाती थी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस तरह के मिलावटी पनीर को सेहत के लिए गंभीर खतरा बताया है। हालांकि, इसके सेवन से होने वाली बीमारियों या जब्त पनीर की प्रयोगशाला जांच के नतीजों की जानकारी रिपोर्ट में नहीं दी गई है। पुलिस ने दोनों डेयरियों को सील कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन