हरियाणा सरकार ने खेती-बाड़ी में मशीनरी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए नई सब्सिडी योजना का एलान किया है। इस योजना के तहत पात्र एससी किसानों को 45 हॉर्सपावर से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर 3 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी।
ड्रा मॉडल के जरिए होगा लाभार्थियों का चयन
जानकारी के अनुसार, इस योजना के लाभार्थियों का चयन ड्रा के माध्यम से किया जाएगी। यह ड्रा आपके जिले के उपायुक्त की अध्यक्षता में बनी जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा कराया जाएगा।
पात्रता के लिए मेरी फसल मेरा ब्योरा और भूमि स्वामित्व अनिवार्य
इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसान के पास खुद की जमीन होनी चाहिए। अगर जमीन आवेदक के परिवार पहचान पत्र में दर्ज परिवार के किसी अन्य सदस्य के नाम पर है तो वह भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मेरी फसल मेरी ब्योरी पर पंजीकरण भी अनिवार्य किया गया है। आवेदन करते समय किसानों को अपनी जमीन के स्वामित्व का प्रमाणपत्र और एक निर्धारित शपथ-पत्र (अंडरटेकिंग) विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
पांच साल तक बिक्री पर रोक और केवल ऑनलाइन भुगतान की अनुमति
योजना के नियमों के तहत, आवेदक ने पिछले पांच वर्षों में कृषि विभाग से किसी ट्रैक्टर पर सब्सिडी का लाभ न लिया हो। इसके अलावा, सब्सिडी पर ट्रैक्टर खरीदने वाले किसान अगले पांच वर्षों तक उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेच नहीं सकेंगे और इसका शपथ-पत्र भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। विभाग के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक्टर की पूरी कीमत का भुगतान किसान को अपने बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से ही करना होगा, नकद भुगतान किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भौतिक सत्यापन पूरा होते ही खाते में आएगी सब्सिडी
विभाग के अनुसार, ट्रैक्टर की खरीद होने के बाद जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा उसका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सभी जरूरी कागजी प्रक्रियाएं और जांच पूरी होने के उपरांत सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित (डीबीटी) कर दी जाएगी।
15 दिसंबर तक ऐसे करें आवेदन
इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को (www.agriharyana.gov.in) पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके लिए अंतिम तारीख 15 दिसंबर तय की गई है।