विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Haryana Demand Construction Memorial Memory Martyred Farmers Respect March Taken Out From Bahadurgarh Tikri Bo

हरियाणा : शहीद किसानों की याद में स्मारक बनाने की मांग, बहादुरगढ़ से टीकरी बॉर्डर तक निकाली सम्मान यात्रा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 27 Nov 2026 03:26 PM IST
सार

  • शहीद किसानों की याद में स्मारक बनाने की मांग को लेकर बहादुरगढ़ से टीकरी बॉर्डर तक निकाली यात्रा।

  • किसानों ने मेट्रो पिलर नंबर 750 के आगे पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी।

  • किसान नेताओं ने स्मारक के लिए 11 से 12 एकड़ जमीन देने की मांग की।

  • मांग पूरी नहीं होने पर दोबारा बड़ा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।

फाइल फोटो
फाइल फोटो - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसान आंदोलन 2020-21 के दौरान जान गंवाने वाले किसानों की याद में स्मारक बनाने की मांग को लेकर किसानों ने शहीद सम्मान यात्रा निकाली। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में यह यात्रा बहादुरगढ़ से टीकरी बॉर्डर तक निकाली गई। इस दौरान किसानों ने मेट्रो पिलर नंबर 750 के आगे हरियाणा पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी और टीकरी बॉर्डर की ओर बढ़ गए। हालांकि, किसान टीकरी बॉर्डर पर ही रुक गए।

किसान नेताओं ने सरकार पर वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शहीद किसानों की याद में स्मारक बनाने की मांग पूरी नहीं हुई तो किसान फिर से बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने भी छोटूराम धर्मशाला से टीकरी बॉर्डर तक शहीद सम्मान यात्रा निकाली। यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। इसके बावजूद किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ना जारी रखा और टीकरी बॉर्डर पहुंचकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई।

सरकार ने जमीन देने का वादा किया था: किसान नेता
किसान नेता विकास सीसर ने कहा कि किसान आंदोलन खत्म होने के समय सरकार ने आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों की याद में स्मारक बनाने के लिए जमीन देने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ क्षेत्र में पहले भी स्मारक के लिए जमीन उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई थी। सरकार को 11 से 12 एकड़ जमीन देकर अपना वादा पूरा करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर किसान फिर से बड़ा और अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे। इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

किसानों की कुर्बानी को याद रखना जरूरी: सुरेश कौथ
भारतीय किसान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष सुरेश कौथ ने कहा कि किसानों ने अपने अधिकारों के लिए 13 महीने तक आंदोलन किया था। तीन कृषि कानूनों के विरोध में चले इस आंदोलन के दौरान कई किसानों की जान गई। उनकी कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को किसानों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी मिलती रहे, इसके लिए एक स्थायी स्मारक बनाया जाना जरूरी है। शहीद सम्मान यात्रा का उद्देश्य किसानों के संघर्ष को सम्मान दिलाना और सरकार तक अपनी मांग पहुंचाना है।

यात्रा में धर्मपाल बडाला, एडवोकेट राजेश गोपी, सोमबीर भगाना, हवा सिंह, राजकुमार हड़ौदी, दलबीर खरड़, रामकुमार खैरपुरा, रत्न सिंह हड़ौदी, रमेश बाम्बू, बबलू सहरावत, कुलदीप मलिक और प्रताप हंसावास सहित कई किसान नेता और किसान शामिल हुए।
विज्ञापन
विज्ञापन