आगामी त्योहारी सीजन से पहले महंगी प्याज से लोगों की राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में प्याज की सप्लाई तेज करने का फैसला लिया है। सरकार का कहना है कि 35 रुपये किलो के रियायती दाम पर प्याज की खुदरा बिक्री चालू है और त्योहारी सीजन के दौरान आम जनता की राहत के लिए प्रदेश में इसकी और ज्यादा खेप भेजी जाएगी।
कांदा एक्सप्रेस से आज पहुंचेगी नई खेप
जानकारी के अनसुार, नासिक में सरकारी बफर से प्याज लेकर कांदा एक्सप्रेस 24 सितंबर को कोलकाता पहुंचेगी। इस खेप से खासतौर से कोलकाता और आसपास के जिलों में प्याज की सप्लाई होगी।
मोबाइल वैन से 1400 टन प्याज की हुई बिक्री
सरकार के मुताबिक, इससे पहले नेफेड और एनसीसीएफ की मोबाइल वैन के जरिए पश्चिम बंगाल में सड़क मार्ग से लगभग 1,400 टन प्याज 35 रुपये प्रति किलो की दर पर बांटा जा चुका है। विभाग का कहना है कि ट्रेन से इस नई खेप के आने के बाद बाजार में प्याज की आपूर्ति और बेहतर होगी, जिससे त्योहारी सीजन में कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।
कोलकाता के प्रमुख बाजारों में सस्ते प्याज की बिक्री
वर्तमान में कोलकाता के 25 से अधिक स्थानों पर सस्ते प्याज की खुदरा बिक्री की जा रही है। इनमें शहर के प्रमुख बाजार जैसे- कोले मार्केट, मेछुआ मंडी, मानिकतला मार्केट, रामपुड़िया मार्केट और श्याम बाजार मार्केट शामिल हैं। इसके अलावा, सरकार राज्य सरकार के 'सुफल बांग्ला' (Sufal Bangla) आउटलेट्स के जरिए भी इस बफर स्टॉक की खुदरा बिक्री करने की संभावना तलाश रही है।
देश के 17 अन्य राज्यों में भी कीमतों में आई गिरावट
केंद्र सरकार ने 24 अगस्त से नेफेड और एनसीसीएफ के जरिए अपने बफर स्टॉक से प्याज की लक्षित बिक्री शुरू की थी। सरकार के अनुसार, अब तक देश भर के 100 से अधिक शहरों में बफर स्टॉक से प्याज पहुंचाया जा चुका है।
उपभोक्ता मामलों के विभाग के अनुसार, बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ने से कीमतों का दबाव कम होने लगा है। पिछले एक सप्ताह के दौरान देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्याज की खुदरा कीमतें या तो स्थिर रही हैं या उनमें कमी आई है। विभाग ने बताया कि मुख्य रूप से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु और बिहार में पिछले सप्ताह के दौरान कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। सरकार प्रमुख बाजारों में लगातार प्याज की कीमतों और उसकी उपलब्धता पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के हिसाब से बफर स्टॉक से आपूर्ति कर रही है।