राजस्थान के उदयपुर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर 40 साल पुरानी अनूठी परंपरा निभाई गई। बड़गांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में पूजा के बाद गायों को गोबर से बनाए गए करीब 12 फीट ऊंचे गोवर्धन पर्वत के ऊपर से गुजारा गया। जैसे ही गौशाला का मुख्य दरवाजा खोला गया, गायें तेजी से बाहर निकलीं और गोबर से बने पर्वत को पार किया। इस अनोखे आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग पहुंचे।
पूजा-अर्चना के बाद गायों ने पार किया गोवर्धन पर्वत
कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में सुबह से ही गोवर्धन पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। इस दौरान महिलाएं और ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे। उन्होंने गोबर से बनाए गए विशाल गोवर्धन पर्वत और भगवान श्रीकृष्ण व बलराम की प्रतिमाओं की विधि-विधान से पूजा की। इसके बाद आरती की गई और बच्चों ने गोवर्धन पूजा के पारंपरिक गीत गाए।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, गायों को गोवर्धन पर्वत के ऊपर से गुजारने से वे बीमारियों से बची रहती हैं और उनका स्वास्थ्य अच्छा रहता है। उदयपुर नगर निगम के पार्षद प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र में यह परंपरा पिछले करीब 40 साल से निभाई जा रही है। इस आयोजन का उद्देश्य गोवंश की सुख-समृद्धि और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देना है।
गौक्रीड़ा में ग्रामीणों ने भी लिया हिस्सा
पूजा के बाद गौशाला परिसर में गौक्रीड़ा का आयोजन किया गया। इसमें ग्वालों और आसपास के गांवों के लोगों ने गायों के साथ पारंपरिक खेलों में हिस्सा लिया। आयोजन को देखने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र में रहने वाले परिवारों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक और कर्मचारी अपने परिवारों के साथ शामिल हुए। पूरे परिसर में दिनभर भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।