उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में गोवर्धन पूजा की। इस दौरान उन्होंने गोवंश संरक्षण और उनके पालन-पोषण के महत्व पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने गाय को भारत की कृषि और ऋषि परंपरा की आत्मा बताते हुए कहा कि गोवंश का संरक्षण और संवर्धन समृद्धि का आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत जैसे कृषि प्रधान और ऋषि परंपरा से जुड़े देश में गाय का विशेष महत्व है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोवंश की पूजा की गई। उन्होंने कहा कि गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि अनमोल उपहार और समृद्धि का खजाना है। जिस परंपरा में गोवंश के संरक्षण और पालन-पोषण के लिए ईमानदारी से प्रयास किए जाते हैं, वहां सुख और समृद्धि आती है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए 7,700 से अधिक गोशालाएं स्थापित की हैं। इनमें फिलहाल 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश को आश्रय दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गोवंश संरक्षण के लिए तीन तरह की योजनाएं चला रही है।
किसानों को हर गाय के लिए मिलते हैं 1,500 रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली योजना के तहत सरकार निराश्रित गोवंश के लिए गोशालाएं संचालित कर रही है। दूसरी योजना सहभागिता योजना है। इसके तहत किसान सरकारी गोशालाओं से गोवंश लेकर उनका पालन-पोषण कर सकते हैं। सरकार इसके लिए प्रति गाय हर महीने 1,500 रुपये देती है। इस योजना के तहत एक किसान अधिकतम चार गोवंश रख सकता है। इस तरह चार गायों के पालन पर किसान को हर महीने 6,000 रुपये की अतिरिक्त आमदनी हो सकती है।
कुपोषित परिवारों को भी दी जा रही दुधारू गाय
योगी आदित्यनाथ ने तीसरी योजना के बारे में बताया कि इसके तहत कुपोषण से प्रभावित परिवारों को सरकारी गोशालाओं से दुधारू गाय उपलब्ध कराई जाती है। इसका उद्देश्य इन परिवारों को दूध उपलब्ध कराकर पोषण की स्थिति में सुधार करना है। इसके साथ ही प्रत्येक गाय के पालन-पोषण के लिए परिवार को हर महीने 1,500 रुपये की सहायता भी दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य निराश्रित गोवंश को सड़कों पर भटकने से बचाना और उन्हें सुरक्षित माहौल में उचित देखभाल उपलब्ध कराना है। इससे किसानों की फसलों को गोवंश से होने वाले नुकसान को भी रोका जा सकेगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।