विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Atma Scheme Rajasthan Farmers To Get Cash Rewards Of Up To 50 000 Apply By November 20

आत्मा योजना: राजस्थान के किसानों को मिलेगा ₹50 हजार तक का नकद पुरस्कार, 20 नवंबर तक करें आवेदन

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 09 Nov 2026 02:08 PM IST
सार

राजस्थान की आत्मा योजना 2026-27 के तहत प्रगतिशील किसानों को 50 हजार रुपये तक का नकद पुरस्कार मिलेगा। जानें पात्रता, पांच श्रेणियां और आवेदन की अंतिम तारीख।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में खेती-किसानी में नए प्रयोग करने वाले और बेहतर काम करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। कृषि विभाग ने आत्मा योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए पुरस्कार देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के तहत जैविक खेती, आधुनिक तकनीक और नए तरीकों से खेती करने वाले किसानों को 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन हासिल करने वाले किसानों को भी इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी।

पांच श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार
आत्मा योजना के तहत किसानों को पांच श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। इनमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं डेयरी, जैविक खेती और नवाचारी खेती शामिल हैं। किसानों का चयन पंचायत समिति, जिला और राज्य स्तर पर किया जाएगा।
  • पंचायत समिति स्तर: प्रत्येक श्रेणी से एक-एक किसान का चयन होगा। इस तरह कुल पांच किसानों को 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
  • जिला स्तर: पंचायत समिति स्तर पर चयनित किसानों में से प्रत्येक श्रेणी के दो-दो किसानों को चुना जाएगा। इस स्तर पर कुल 10 किसानों को 25-25 हजार रुपये मिलेंगे।
  • राज्य स्तर: जिला स्तर पर चयनित 10 किसानों में से राज्य स्तर के लिए किसानों का चयन होगा। प्रत्येक श्रेणी से दो किसानों को 50-50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

20 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले किसानों को अपने खेती-किसानी के काम और नए प्रयोगों से जुड़े रंगीन फोटो जमा कराने होंगे। इसके साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक और जमीन की जमाबंदी की प्रति भी लगानी होगी। इच्छुक किसान 20 नवंबर तक अपना आवेदन संबंधित सहायक कृषि अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक या कृषि विभाग के कार्यालय में जमा करा सकते हैं।

पहले पुरस्कार पा चुके किसान नहीं कर सकेंगे आवेदन
उप परियोजना निदेशक सुदेश कुमार के अनुसार, जिन किसानों को पहले आत्मा योजना या किसी दूसरी योजना के तहत पुरस्कार मिल चुका है, वे वर्ष 2026-27 में आवेदन नहीं कर सकेंगे। इस नियम का उद्देश्य नए प्रयोग करने वाले किसानों को आगे आने का मौका देना है। इससे दूसरे किसानों को भी खेती में नए तरीके अपनाने और बेहतर उत्पादन हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन