विज्ञापन
Home› Khabar Junction› From The Death Of Chickens To A Decline In Gdp Growth Rate The Country S First Indigenous Vaccine To Combat B

पोल्ट्री उद्योग को बड़ी सौगात : कृषि मंत्री आज लॉन्च करेंगे पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, ऐसे करती है काम...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 11:48 AM IST
सार

  • कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज भारत की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च करने वाले हैं
  • यह वैक्सीन खासतौर से H5N1 सबटाइप के खिलाफ मुर्गियों में लड़ने की क्षमता का विकास करेगी
  • बीते सालों में इस सबटाइप ने मुर्गी पालकों को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया है
  • बर्ड फ्लू कोई सामान्य रोग नहीं है, इसका असर दो देशों के बीच पोल्ट्री व्यापार ठप करने से लेकर GDP विकास दर में गिरावट तक देखा जाता है।
  • 2006 से 2021 के बीच देश में बर्ड फ्लू के 342 प्रकोप दर्ज, इनमें 284 मामले H5N1 से जुड़े थे।
  • पोल्ट्री उद्योग के साथ-साथ यह वैक्सीन पूरी अर्थव्यवस्था के लिए काफी मायने रखती है

बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप देशों के बीच व्यापार ठप करने से लेकर जीडीपी विकास दर को लुढ़का सकता है।
बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप देशों के बीच व्यापार ठप करने से लेकर जीडीपी विकास दर को लुढ़का सकता है। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुर्गी पालकों के लिए खुशखबरी है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज भारत की पहली स्वदशी बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च करने वाले हैं। अब तक भारत के मुर्गी पालक इस घातक बीमारी से निपटने के लिए विदेशी वैक्सीन पर निर्भर थे।  राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान द्वारा विकसित यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के H5N1 सबटाइप के खिलाफ मुर्गियों में लड़ने की क्षमता का विकास करेगी। बीते सालों में यह सबटाइप बड़े पैमाने पर मुर्गी पालकों और देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा चुका है।

आंकड़ों के अनुसार, साल 2006 से 2021 के बीच 24 राज्यों में दर्ज हुए 342 प्रकोप के मामलों में से 284 H5N1 सबटाइप से जुड़े थे। 

कैसे काम करती है यह वैक्सीन?
इस वैक्सीन में H5N1 वायरस या उसके अंंश मृत अवस्था मेें है। मुर्गी का शरीर इन्हें वायरस के रूप में पहचानकर एंटीबॉडी बनाता है। इसके बाद अगर असली बर्ड फ्लू वायसर का प्रकोप होता है, तो मुर्गी का शरीर उससे लड़ सकता है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के तहत काम करने वाली राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान ने इस वैक्सीन का विकास किया है। संस्थान इसे पोल्ट्री फार्म को रोगों के खिलाफ अधिक सक्षम बनाने की दिशा में अहम कदम बताता है। 

बर्ड फ्लू से मुर्गियों में हो सकती है करीब 100 फीसदी मौत
बर्ड फ्लू तेजी से फैलने वाली एक घातक बीमारी है। इस वायरस की जद में आने वाली मुर्गियों की मृत्यु दर करीब 100 फीसदी तक हो सकती है।  इस वायरस के प्रकोप को काबू करने के लिए बड़े पैमाने पर मुर्गियों का मारना पड़ता है। इस वायरस का असर मात्र मुर्गी पालकों को होने वाले नुकसान तक सीमित नहीं है। 

देशों के बीच व्यापार ठप कर सकता है बर्ड फ्लू
एक देश में इस बीमारी का प्रकोप होन से उसके पोल्टी उत्पादों का वैश्विक स्तर पर कारोबार ठप हो सकता है, क्योंकि दूसरे देश बीमारी को अपने यहां फैलने के खतरे को देखते हुए पोल्ट्री व्यापार पर प्रतिबंध लगा सकते हैं। इसके अलावा घरेलू बाजार में अंडों ओर मांस की खरीद में भारी गिरावट आ सकती है।

बर्ड फ्लू से जीडीपी दर में कमी 
एक आकलन कहता है कि अगर देश में बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप फैलता है तो भारत की जीडीपी वृद्धि दर में 1.5 फीसदी तक की कमी आ सकती है। बीमारी का प्रसार काफी अधिक होने पर देशी की 20 फीसदी से अधिक मुर्गियां इसकी चपेट में आ सकती है।

साल 2006 में हुए बर्ड फ्लू के प्रकोप से सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से 2,200 करोड़ से 3,000 करोड़ रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था। ऐसे में H5N1 के खिलाफ स्वदेशी वैक्सीन का विकास पोल्ट्री क्षेत्र में बीमारी से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

 


विज्ञापन
विज्ञापन