विज्ञापन
Home› Khabar Junction› From Sattu And Sarees To Goat Milk Soap The Government Is Helping Women Become Entrepreneurs And New Brands

सत्तू, साड़ी से बकरी के दूध के साबुन तक : महिलाओं को ऐसे उद्यमी बनने में मदद कर रही सरकार, चमक रहे नए ब्रांड...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 03:15 PM IST
सार

  • यूपी में 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं महिलाएं
  • सवा करोड़ से अधिक महिलाएं स्थानीय उत्पादों के कारोबार से जुड़ीं
  • विंध्य प्रेरणा, सोन प्रेरणा और काशी प्रेरणा जैसे ब्रांड तैयार
  • साड़ियां, वन शहद, अगरबत्ती, चिकनकारी और खुर्जा पॉटरी के उत्पाद शामिल

ग्रामीण महिलाओं को उद्यमी बनने में मदद कर रही सरकार।
ग्रामीण महिलाओं को उद्यमी बनने में मदद कर रही सरकार। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश की 11 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (SHG) के माध्यम से संगठित होकर कई तरह के उत्पाद बनाकर बाजार में उतार रही हैं। आजीविका मिशन की मदद से ये महिलाएं  पारंपरिक हुनर और स्थानीय उत्पादों को ब्रांड के रूप में बाजार तक पहुंचा रही हैं।मिर्जापुर में विंध्य प्रेरणा, सोनभद्र में सोन प्रेरणा और वाराणसी में काशी प्रेरणा जैसे ब्रांड महिला समूहों के उत्पादों को पहचान दे रहे हैं। 

स्थानीय उत्पादों से कारोबार कर रहीं महिलाएं
अधिकारियों के अनुसार, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अनुसार, प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक हुनर और उपलब्ध कच्चे माल के आधार पर स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत महिलाएं अलग-अलग जिलों में स्थानीय उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों को स्थानीय बाजारों से आगे पहुंचाने के लिए उनकी ब्रांडिंग और विपणन पर भी काम किया जा रहा है।

मिर्जापुर से सोनभद्र तक अलग-अलग ब्रांड
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के मुताबिक, मिर्जापुर में ‘विंध्य प्रेरणा’ ब्रांड के तहत साड़ियां, सत्तू, सरसों का तेल और चना तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे हैं। सोनभद्र में ‘सोन प्रेरणा’ ब्रांड के अंतर्गत वन शहद, अगरबत्ती और बकरी के दूध से बने साबुन तैयार किए जा रहे हैं।

वहीं, वाराणसी में ‘काशी प्रेरणा’ ब्रांड के तहत धूप और वंदनवार बनाए जा रहे हैं। इन उत्पादों के जरिए स्थानीय शिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

सहारनपुर से लखनऊ तक तैयार हो रहे स्थानीय उत्पाद
मिशन के मुताबिक, सहारनपुर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं लालटेन, लकड़ी की ट्रे और नक्काशीदार दर्पण तैयार कर रही हैं। संभल में लकड़ी की ट्रे बनाई जा रही हैं, जबकि फिरोजाबाद में महिलाएं कांच के उत्पाद और दीये तैयार कर रही हैं।

लखनऊ में समूहों से जुड़ी महिलाएं चिकनकारी सूट बना रही हैं। बुलंदशहर में खुर्जा पॉटरी के तहत दीये और मोमबत्ती स्टैंड तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा मिर्जापुर, सोनभद्र और वाराणसी में भी स्थानीय उत्पादों के निर्माण से महिलाएं कारोबार से जुड़ रही हैं।

समूहों के जरिए कारोबार से जुड़ रहीं ग्रामीण महिलाएं
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को सामूहिक रूप से उत्पादन और कारोबार से जोड़ा जा रहा है। मिशन के निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, सरकार की पहल का उद्देश्य महिलाओं के पारंपरिक कौशल को व्यावसायिक पहचान देना और उनके उत्पादों को ब्रांड के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार तक पहुंच बनाने पर काम किया जा रहा है।


विज्ञापन
विज्ञापन