Home›Khabar Junction›
Fertilizer Import Government Ensure Farmers Face No Fertilizer Shortage Increased Import Urea Dap
Fertilizer Import: किसानों को खाद की कमी नहीं होने देगी सरकार, यूरिया-डीएपी का आयात बढ़ाया
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 28 Nov 2026 12:07 PM IST
सार
केंद्र सरकार ने खाद की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यूरिया और डीएपी का आयात बढ़ाया है। जानिए 2025-26 में खाद के उत्पादन, आयात और बिक्री के ताजा आंकड़े।
केंद्र सरकार ने कहा है कि देश में खाद की बढ़ती मांग को पूरा करने और घरेलू उत्पादन की कमी दूर करने के लिए उर्वरकों का आयात बढ़ाया गया है। इससे देशभर में किसानों को समय पर पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने में मदद मिली है। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष 2025-26 में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले यूरिया और डीएपी का आयात काफी बढ़ा है।
सरकार के अनुसार, देश में खाद की जरूरत का आकलन कृषि एवं किसान कल्याण विभाग राज्यों के साथ मिलकर करता है। इसमें फसलों का कुल रकबा, सिंचाई की सुविधा, पिछले वर्षों में खाद की खपत और मिट्टी की सेहत जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है। इसके आधार पर राज्यों को हर महीने खाद की आपूर्ति की योजना बनाई जाती है, ताकि किसानों को जरूरत के समय खाद मिल सके।
यूरिया का आयात 89 लाख टन के पार
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से जनवरी 2025-26 के दौरान यूरिया का आयात बढ़कर 89.30 लाख टन हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 48.70 लाख टन था। यानी इस दौरान यूरिया के आयात में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह डीएपी का आयात भी 43.09 लाख टन से बढ़कर 60.16 लाख टन हो गया। इससे घरेलू उत्पादन में आई कमी के बावजूद बाजार में खाद की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिली।
यूरिया और डीएपी का घरेलू उत्पादन थोड़ा घटा
आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से जनवरी 2025-26 के दौरान देश में यूरिया का उत्पादन 251.26 लाख टन रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह 258.48 लाख टन था। वहीं, डीएपी का घरेलू उत्पादन भी 34.25 लाख टन से घटकर 33.71 लाख टन रह गया। घरेलू उत्पादन में मामूली गिरावट के बावजूद आयात बढ़ाने से खाद की कुल उपलब्धता बनी रही।
खाद की बिक्री में भी हुई बढ़ोतरी
देश में खाद की मांग बढ़ने का असर बिक्री के आंकड़ों में भी दिखाई दिया। अप्रैल से जनवरी 2025-26 के दौरान यूरिया की बिक्री 345.86 लाख टन से बढ़कर 352.61 लाख टन हो गई। इसी अवधि में डीएपी की बिक्री भी 90.31 लाख टन से बढ़कर 91.36 लाख टन पहुंच गई। इससे साफ है कि खेती में इन दोनों खादों की मांग बनी हुई है।
नैनो यूरिया और नैनो डीएपी को भी बढ़ावा
परंपरागत खाद पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे विकल्पों को भी बढ़ावा दे रही है। इन उत्पादों को उर्वरक नियंत्रण आदेश (एफसीओ), 1985 के तहत शामिल किया गया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से जनवरी 2025-26 के दौरान नैनो यूरिया की बिक्री 182.50 लाख बोतल तक पहुंच गई। वहीं, नैनो डीएपी की 144.93 लाख बोतलें बिकीं। प्रत्येक बोतल 500 मिलीलीटर की है।
मंत्रालय का कहना है कि खाद की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए आयात की योजना पहले से तैयार की जाती है। खासकर बुवाई और फसल की बढ़वार के समय खाद की मांग बढ़ने पर इसकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाते हैं। इससे किसानों को खाद की संभावित कमी से बचाने में मदद मिलती है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।