विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Farmers To Learn How To Grow Potatoes Alongside Maize Zero Tillage Model To Be Showcased At Sonepur Mela Do

मक्का संग आलू उगाना सीखेंगे किसान : सोनपुर मेले में दिखेगा जीरो टिलेज मॉडल, एक क्यारी से डबल मुनाफा...

गांव जंक्शन डेस्क, सोनपुर Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 07:30 PM IST
सार

  • बिहार के सोनपुर मेले में किसानों को बिना जुताई आलू और मक्का की एक साथ खेती की तकनीक दिखाई जाएगी।
  • एक ही क्यारी में दो फसलें उगाने का मॉडल कृषि प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण होगा।
  • जीरो टिलेज तकनीक से जुताई पर होने वाला खर्च कम करने की जानकारी दी जाएगी।
  • किसानों को गन्ने की वैज्ञानिक खेती और बेहतर उत्पादन के तरीके भी बताए जाएंगे।

इस बार के सोनपुर मेले में मक्का संग आलू उगाना सीखेंगे किसान।
इस बार के सोनपुर मेले में मक्का संग आलू उगाना सीखेंगे किसान। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के सोनपुर में गंगा और गंडक नदियों के संगम पर आयोजित होने वाले मेले में इस बार किसानों को बिना जुताई आलू और मक्के की एक साथ खेती करने की तकनीक दिखाई जाएगी। इस मॉडल के तहत एक क्यारी में दो फसलें उगाई जाती हैं।

कम जमीन में दो फसलें उगाने का तरीका समझेंगे किसान
कृषि प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण एक ही क्यारी में आलू और मक्का की एक साथ खेती करना है। इसमें विशेषज्ञ किसानों को वैज्ञानिक तरीके से दोनों फसलों का उत्पादन करने की प्रक्रिया समझाएंगे। आयोजकों के अनुसार, इस तकनीक से किसानों को फसल विविधीकरण के बारे में जानकारी मिलेगी और उपलब्ध कृषि भूमि का बेहतर इस्तेमाल करने का तरीका समझने में मदद मिलेगी।

एग्रीकल्चर प्रोड्यूसर कंपनी की ओर से लगाई जा रही इस प्रदर्शनी में कम लागत में बेहतर उत्पादन हासिल करने वाली कृषि पद्धतियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा किसानों को गन्ने यानी ईख की वैज्ञानिक खेती और बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी।

जीरो टिलेज से बचेगा जुताई का खर्च
प्रदर्शनी की जानकारी देते हुए मृत्युंजय सिंह ने बताया कि इसका उद्देश्य पारंपरिक खेती करने वाले किसानों को आधुनिक तकनीकों और नए कृषि प्रयोगों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि जीरो टिलेज यानी बिना जुताई की तकनीक से खेत तैयार करने में होने वाला अनावश्यक खर्च कम किया जा सकता है।

इस पद्धति में मिट्टी की आंतरिक संरचना को नुकसान पहुंचाए बिना फसल लगाने में मदद मिलती है। इससे जमीन की उपजाऊ क्षमता लंबे समय तक सुरक्षित रखने और मिट्टी में नमी बनाए रखने में सहायता मिल सकती है।

गन्ने की वैज्ञानिक खेती की भी मिलेगी जानकारी
कृषि प्रदर्शनी में केवल आलू और मक्का की संयुक्त खेती ही नहीं, बल्कि गन्ने की वैज्ञानिक खेती के तरीकों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन हासिल करने के तरीके समझाना इस प्रदर्शनी का प्रमुख उद्देश्य है।

फलदार और सजावटी पौधों की नर्सरी भी तैयार
सोनपुर मेले की कृषि प्रदर्शनी में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए प्रदर्शनी परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार और सजावटी पौधों की नर्सरी तैयार की जा रही है। यहां आने वाले किसानों और आम लोगों को पौधों के चयन, उनकी रोपाई और रखरखाव की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल प्रदर्शनी स्थल पर अलग-अलग स्टॉल तैयार करने का काम चल रहा है। आयोजकों की तैयारी है कि मेले में आने वाले किसानों को खेती की नई तकनीकों और आधुनिक तरीकों को समझने का अवसर मिले।


विज्ञापन
विज्ञापन