Home›Khabar Junction›
Farmers Government To Recommend Crops That Require Less Water Require Less Time Seed Bank Also Ready
सूखा-बाढ़ में किसानों को राहत : कम पानी में कम समय वाली फसलें सुझाएगी सरकार, बीज बैंक भी तैयार
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sun, 27 Sep 2026 02:55 PM IST
सार
केंद्र सरकार ने सूखा और बाढ़ प्रभावित किसानों को हर संभव मदद देने की बात कही है। कम बारिश वाले क्षेत्रों के लिए जिलावार आकस्मिक योजनाएं तैयार की गई हैं, जिनमें कम पानी और कम समय में तैयार होने वाली फसलों के विकल्प बताए गए हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : सोशल मीडिया
देश के कई राज्यों में कहीं सूखे तो कहीं बाढ़ से किसानों की फसल प्रभावित हो रही है। ऐसे में केंद्र सरकार ने प्रभावित किसानों को हर संभव मदद देने की बात कही है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम का असर खेती पर दिखाई दे रहा है। सूखे वाले इलाकों में कम पानी और कम समय में तैयार होने वाली फसलों की जानकारी किसानों को दी जा रही है। इसके लिए जिलावार आकस्मिक योजनाएं तैयार की गई हैं और बीज बैंक भी बनाए गए हैं।
महाराष्ट्र के 74 फीसदी हिस्से को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के बीच कृषि मंत्री ने कहा कि उनका मंत्रालय राज्य सरकार के लगातार संपर्क में है। सूखे से प्रभावित जिलों के लिए आकस्मिक योजनाएं तैयार हैं और इन्हें राज्य सरकारों तथा संबंधित जिलों के साथ साझा किया गया है।
कम बारिश में कौन सी फसल लगाएं, इसकी जानकारी
चौहान ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और अन्य संबंधित संस्थानों ने सूखे की स्थिति से निपटने के लिए हर जिले के लिए आकस्मिक योजना तैयार की है। इन योजनाओं में कम बारिश होने पर किसानों को कम समय में तैयार होने वाली और कम पानी की जरूरत वाली फसलों की जानकारी दी गई है। इन योजनाओं में यह भी बताया गया है कि मौसम के अनुसार किसानों को कौन से उपाय अपनाने चाहिए। कृषि मंत्रालय ने ये योजनाएं राज्य सरकारों को भेजी हैं और जिलों को भी इसकी जानकारी दी गई है।
फसल खराब होने पर अगली फसल के लिए बीज की व्यवस्था
कृषि मंत्री ने कहा कि मंत्रालय ने बीज बैंक भी तैयार किए हैं। यदि किसी क्षेत्र में एक फसल खराब हो जाती है तो किसानों के लिए अगली फसल के विकल्प तैयार रखे गए हैं। इसके अलावा जरूरी अंतरिम व्यवस्था भी की गई है। राज्य सरकारों को समय-समय पर कृषि संबंधी सलाह भी भेजी जा रही है।
बाढ़ प्रभावित किसानों को भी मदद का भरोसा
कृषि मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के किसानों से भी चिंता न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन इससे निपटा जाएगा और किसानों को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि देश में एक ही समय पर कुछ राज्य बाढ़ और कुछ राज्य सूखे का सामना कर रहे हैं। यह जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभावों को दिखाता है। ऐसे बदलते मौसम में किसानों को फसल चयन और खेती की रणनीति में बदलाव के लिए तैयार करना जरूरी है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।