विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Farmers Clash Over Vaigai Dam Water Melur Farmers Threaten Road Blockade

एक इलाके को पानी, दूसरे के खेत सूखे: वैगई बांध के बंटवारे पर किसानों में विवाद, सड़क जाम करने की दी चेतावनी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 08:33 AM IST
सार

  • वैगई बांध के पानी के बंटवारे को लेकर एक और दो फसल वाले क्षेत्रों के किसानों में विवाद।

  • मेलूर के किसानों ने एक सप्ताह में पानी नहीं मिलने पर सड़क जाम करने की चेतावनी दी।

  • वैगई बांध में 20 फीट तक गाद जमा होने का आरोप।

  • नहरों की मरम्मत के लिए मंजूर 3.8 करोड़ रुपये खर्च नहीं होने पर किसानों ने जताई नाराजगी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तमिलनाडु के मदुरै में सिंचाई के लिए वैगई बांध के पानी के बंटवारे को लेकर किसानों के दो समूहों के बीच विवाद हो गया। एक फसल और दो फसल वाले इलाकों के किसान पानी के आवंटन को लेकर आमने-सामने आ गए। शुक्रवार को हुई किसान शिकायत बैठक में किसानों ने अपनी समस्याएं जिला कलेक्टर के सामने रखीं। इसके बाद जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा ने दोनों क्षेत्रों के किसानों के प्रतिनिधियों के साथ अलग बैठक बुलाने और विवाद सुलझाने के निर्देश दिए।

सिंचाई के पानी को लेकर आमने-सामने आए किसान
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मेलूर के किसानों का आरोप है कि उनके पारंपरिक सिंचाई अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि पेरानई-कल्लांदिरी के दो फसल वाले क्षेत्र को पानी दिया जा रहा है, जबकि मेलूर के किसानों को उनके हिस्से का पानी नहीं मिल रहा है। किसान रवि ने कहा कि मेलूर के किसानों को बार-बार सिंचाई के पानी से वंचित किया जा रहा है। वहीं, कुंबम से कल्लांदिरी तक के इलाकों को प्राथमिकता दी जा रही है।

कई किसान जिला कलेक्टर के पास पहुंच गए और पेरियार बांध से सिंचाई के लिए पानी छोड़ने की मांग की। उन्होंने पशुओं के लिए भी पानी उपलब्ध कराने की मांग उठाई। किसानों ने सवाल किया कि एक फसल और दो फसल वाले क्षेत्रों के किसानों से बातचीत किए बिना कल्लांदिरी के लिए पानी क्यों छोड़ा गया?

किसान पलानीसामी ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर मेलूर के लिए पानी नहीं छोड़ा गया तो वे सड़क जाम कर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने प्रभावित किसानों को कावेरी डेल्टा के किसानों की तर्ज पर मुआवजा देने की भी मांग की। किसानों के विरोध के बाद अधिकारियों ने भरोसा दिया कि जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में दोनों क्षेत्रों के किसानों की अलग बैठक बुलाई जाएगी। इसमें सभी पक्षों की बात सुनकर विवाद का समाधान निकालने की कोशिश होगी।

वैगई बांध में गाद जमा होने से घट रही पानी रखने की क्षमता
बैठक में किसानों ने सिंचाई से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी उठाईं। किसान कलाई अझगन ने आरोप लगाया कि वैगई बांध में करीब 20 फीट तक गाद जमा हो गई है। इससे बांध की पानी जमा करने की क्षमता प्रभावित हो रही है। इसका असर 58 गांवों की नहर को मिलने वाले पानी पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि उसिलमपट्टी में खेती का रकबा पहले कुल क्षेत्र का करीब 70 फीसदी था, जो अब घटकर 30 फीसदी रह गया है। इस पर जल संसाधन विभाग के एक इंजीनियर ने बताया कि बांध से गाद निकालने के लिए पर्यावरण मंजूरी मांगी गई है। मंजूरी मिलते ही सफाई का काम शुरू कर दिया जाएगा।

नहरों की मरम्मत और फसल कर्ज का मुद्दा भी उठा
किसान चिदंबरम ने कहा कि मेलूर की नहरों की मरम्मत के लिए तीन महीने पहले 3.8 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। इससे नहर के आखिरी छोर तक पानी पहुंचने में परेशानी हो सकती है। बैठक में किसानों ने फसल कर्ज से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। किसान मनावला कन्नन ने सहकारी बैंकों से लिए गए कर्ज को चुकाने की 30 नवंबर की समयसीमा बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि खेती ठीक से नहीं होने के कारण किसान आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं।

किसान तिरुपति ने आरोप लगाया कि राजस्व अधिकारी फसल कर्ज के लिए जरूरी अडंगल प्रमाणपत्र जारी करने में देरी कर रहे हैं। उनका कहना है कि अधिकारी प्रमाणपत्र देने से पहले किसानों पर पौध तैयार करने की शर्त लगा रहे हैं। किसान पार्थसारथी ने फसलों को जंगली सूअरों से होने वाले नुकसान का हवाला देते हुए उन्हें मारने की अनुमति मांगी। वहीं, किसान शशिकुमार ने आरोप लगाया कि गन्ने की खेती करने और पहले कर्ज चुकाने के बावजूद सहकारी समितियां उन्हें नया कर्ज नहीं दे रही हैं।

इसके अलावा किसानों ने उसिलमपट्टी में जल संसाधन विभाग का नया कार्यालय बनाने और 17 करोड़ रुपये की लागत से बनी मदाकुलम नहर में गंदा पानी जाने से रोकने की मांग भी उठाई।
विज्ञापन
विज्ञापन