Home›Khabar Junction›
New Agra Will Be Built On Land From 58 Villages Farmers Will Receive 7 Developed Plots Along With Compensatio
New Agra: 58 गांवों की जमीन पर बसेगा न्यू आगरा, किसानों को मुआवजे के साथ मिलेंगे 7% विकसित भूखंड
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 27 Nov 2026 08:00 PM IST
सार
आगरा में 35,780 एकड़ में न्यू आगरा टाउनशिप बसाने की तैयारी है। परियोजना में 58 गांव शामिल होंगे। किसानों को मुआवजे के साथ 7 फीसदी विकसित भूखंड देने की योजना है।
58 गांवों की जमीन पर बसेगा न्यू आगरा
- फोटो : सोशल मीडिया
आगरा में नया शहर बसाने की तैयारी से 58 गांवों के किसानों की जमीन और भविष्य चर्चा में है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने आगरा अर्बन सेंटर यानी न्यू आगरा की महायोजना-2041 को मंजूरी दे दी है। करीब 14,480 हेक्टेयर (35,780 एकड़) जमीन पर विकसित होने वाली इस टाउनशिप में 15 लाख लोगों को बसाने और 10 लाख रोजगार पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस परियोजना का सबसे बड़ा असर उन किसानों पर पड़ेगा, जिनकी जमीनें नए शहर के विकास के लिए अधिग्रहित की जाएंगी। योजना के तहत किसानों को जमीन के बदले मुआवजे के साथ आवासीय सेक्टरों में 7 फीसदी विकसित आबादी भूखंड देने का प्रस्ताव है। हालांकि, इसके लिए राज्य सरकार की अंतिम मंजूरी और आगे की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है।
58 गांवों की जमीन पर होगा विकास
आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना के पहले चरण में 58 गांवों को शामिल किया गया है। इनमें नहर्रा, रुधंदु, जराउ, पेसाई, खंडिया, बामन, खड़गपुर, चौकर, परिहार, आंवलखेड़ा, शेरखान, उस्मानपुर, सेमरा, ऊंचा, अगरपुर, चिहौंली, हसनपुर, मूढ़ी जहांगीरपुर, अरेला, बहरामपुर, नगला निशंख, गढ़ी बच्ची और धरेरा समेत अन्य गांव शामिल हैं।
इन गांवों की जमीन पर औद्योगिक, आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अलग-अलग क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इससे जमीन अधिग्रहण के साथ गांवों की मौजूदा सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था में भी बदलाव आने की संभावना है।
किसानों को मुआवजे के साथ मिलेंगे विकसित भूखंड
यीडा की भूमि अधिग्रहण नीति के तहत किसानों की सहमति से जमीन लेने पर निर्धारित फार्मूले के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। दावा है कि यह मौजूदा सर्किल रेट से कई गुना अधिक हो सकता है। मुआवजे की रकम सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
इसके अलावा किसानों को विकसित आवासीय सेक्टरों में उनकी अधिग्रहित जमीन के बदले 7 फीसदी आबादी भूखंड देने का भी प्रावधान बताया गया है। इन भूखंडों में सड़क, बिजली, पानी और सीवर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे किसानों को जमीन का मुआवजा मिलने के साथ भविष्य में आवासीय और व्यावसायिक इस्तेमाल का विकल्प भी मिल सकेगा।
खेती के साथ रोजगार और कारोबार के खुलेंगे रास्ते
न्यू आगरा की महायोजना में करीब 3,000 हेक्टेयर जमीन औद्योगिक गतिविधियों के लिए रखी गई है। वहीं, 1,878 हेक्टेयर में आवासीय परियोजनाएं, 405 हेक्टेयर में पर्यटन केंद्र और 300 हेक्टेयर में थीम पार्क विकसित करने की योजना है। इससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। वेयरहाउस, लॉजिस्टिक्स, दुकानें, परिवहन, निर्माण और अन्य कारोबार से गांवों की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि, खेती की जमीन जाने वाले किसानों के लिए मुआवजे और पुनर्वास की व्यवस्था अहम होगी।
यमुना एक्सप्रेसवे से मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
न्यू आगरा को यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किया जाएगा। इसके जरिए दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से संपर्क आसान होगा। इसके अलावा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और अलीगढ़-पलवल हाईवे से भी कनेक्टिविटी मिलेगी। प्रस्तावित शहर से जेवर एयरपोर्ट तक करीब 45 से 60 मिनट में पहुंचने का अनुमान है।
अभी यूपी सरकार की अंतिम मंजूरी बाकी
यीडा बोर्ड ने आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 और उसके लैंड यूज नक्शे को मंजूरी दी है। अब प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। शासन की मंजूरी मिलने के बाद जमीन अधिग्रहण और सड़क, बिजली, पानी तथा सीवेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास की प्रक्रिया शुरू होगी। किसानों के लिहाज से इस परियोजना की असली सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि जमीन के बदले उन्हें उचित मुआवजा, विकसित भूखंड और आजीविका के बेहतर विकल्प समय पर मिल पाते हैं या नहीं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।