विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Haryana Demand To Increase Sugarcane Price To Rs 600 Per Quintal Farmers Mahapanchayat At Palwal Sugar Mill

हरियाणा : गन्ने का भाव 600 रुपये क्विंटल करने की मांग, 30 नवंबर को पलवल चीनी मिल में किसानों की महापंचायत

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 27 Nov 2026 07:28 PM IST
सार

हरियाणा में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग तेज हो गई है। संयुक्त किसान मोर्चा 30 नवंबर को पलवल चीनी मिल में किसान महापंचायत करेगा।

गन्ने की खेती
गन्ने की खेती - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा में गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसानों ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। संयुक्त किसान मोर्चा, पलवल की ओर से 30 नवंबर को बामनीखेड़ा गांव स्थित पलवल चीनी मिल परिसर में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें आगे के आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। यह फैसला जाट धर्मशाला में किसान नेताओं की बैठक में लिया गया।

बैठक के बाद किसान नेताओं ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। वहीं, कृषि सब्सिडी में कटौती और बेमौसम बारिश ने गन्ना किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिलना जरूरी है।

चीनी के बढ़ते दाम के हिसाब से मिले गन्ने का भाव
किसान नेताओं का कहना है कि बाजार में चीनी के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन किसानों को गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से गन्ने के भाव में की गई 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को नाकाफी बताया है। किसानों ने मांग की है कि गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाकर कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।

पलवल चीनी मिल के घाटे पर उठाए सवाल
किसान नेताओं ने पलवल चीनी मिल की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि भ्रष्टाचार और खराब प्रबंधन के कारण मिल का घाटा 500 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मिल घाटे में चल रही है, वहीं दूसरी तरफ किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने 600 रुपये प्रति क्विंटल की मांग पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। 30 नवंबर की महापंचायत में इस संबंध में आगे की रणनीति तय होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन