विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Farmer Unique Demand Told Chief Minister Government Should Make Plan For Marriage Of Farmers

किसान की अनोखी मांग : मुख्यमंत्री से कहा- किसानों की शादी के लिए सरकार बनाए योजना

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sun, 04 Oct 2026 04:01 PM IST
सार

  • कर्नाटक के पिरियापटना में किसान ने CM डीके शिवकुमार के सामने उठाया मुद्दा।
  • कहा- 35 से 40 साल के कई किसान अब भी अविवाहित, शादी नहीं होने से बढ़ रही निराशा।
  • किसान का दावा- घर और जमीन होने के बावजूद कई परिवार बेटियों की शादी किसानों से नहीं करना चाहते।
  • सरकार से ऐसी योजना बनाने की अपील, जिससे अविवाहित किसानों को जीवनसाथी खोजने में मदद मिल सके।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कर्नाटक के मैसूरु में एक किसान ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से अविवाहित पुरुषों, खासकर किसानों के लिए ऐसी योजना बनाने की मांग की है, जिससे उन्हें शादी के लिए जीवनसाथी ढूंढने में मदद मिल सके। किसान का कहना है कि राज्य में 35 से 40 साल की उम्र के कई पुरुष अभी भी अविवाहित हैं और इस वजह से वे मानसिक तनाव और निराशा का सामना कर रहे हैं।

पिरियापटना में आयोजित ‘प्रजा सेवा’ कार्यक्रम के दौरान किसान ने मुख्यमंत्री से अपनी बात रखी। उसने कहा कि कई गरीब किसान शादी नहीं होने की वजह से परेशान हैं। किसान के मुताबिक, कुछ लोगों ने घर और जमीन तक बना ली है, लेकिन इसके बावजूद परिवार अपनी बेटियों की शादी उनसे करने के लिए तैयार नहीं हैं।

किसान ने मुख्यमंत्री से कहा, “सर, गरीब लोग आत्महत्या कर रहे हैं। कृपया इस समस्या के लिए कुछ किया जाना चाहिए।” इसके बाद उसने 35 से 40 साल की उम्र के अविवाहित पुरुषों की समस्या उठाते हुए कहा कि अगर सरकार शादी के लिए कोई व्यवस्था या योजना बनाती है तो इससे लाखों युवाओं की जिंदगी में बदलाव आ सकता है।

किसान ने कहा कि यह समस्या केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्नाटक के कई हिस्सों में देखने को मिल रही है। उसने मुख्यमंत्री से इस दिशा में कोई ठोस योजना बनाने की अपील की। किसान की बात सुनकर मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पूछा, “क्या हुआ? क्या समस्या है?” इसके बाद किसान ने अविवाहित किसानों की परेशानी विस्तार से बताई और सरकार से मदद की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन