बीते गन्ना पेराई सीजन में उद्योग के आंकड़ों को आधार बनाकर सरकार ने चीनी निर्यात का फैसला लिया था। इसके कुछ महीनों बाद उद्योग ने अपने अनुमान को घटाया, फिर बाजार में चीनी भी महंगी होने लगी। ऐसे में सरकार ने निर्यात पर रोक लगाकर विदेश से कच्ची चीनी की खरीद को मंजूरी दी।
पिछले सीजन से सीख लेते हुए केंद्र सरकार ने मासिक चीनी उत्पादन का अनुमान अब खुद तैयार करने का फैसला लिया है। बता दें कि अक्तूबर महीने में भारत नए गन्ना पेराई सीजन में प्रवेश कर चुका है।
अधिकारियों का कहना है कि गन्ना आयुक्तों की एक अहम बैठक 27 नवंबर को आयोजितो होनी है, जिसमें चालू सीजन का पहला सरकारी उत्पादन अनुमान तैयार किया जाएगा।
पिछले सीजन में गलत अनुमानों के चलते निर्यात के बाद करना पड़ा था आयात
बीते सीजन में इस्मा ने सैटेलाइट सर्वे का सहारा लेकर 34.90 मिलियन टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया है। इसी अनुमान को आधार बनाकर सरकार ने पहले नवंबर महीने में 1.5 लाख टन और फरवरी महीने में 5 लाख टन निर्यात को मंजूरी दी। लेकिन, मई का महीना आते-आते पूरा गणित बिगड़ गया। उत्पादन का अनुमान गिरकर 32 मिलियन टन रह गया और घरेलू बाजार में चीनी की सप्लाई को मजबूती देने के लिए सरकार का 10 लाख टन बिना शुल्क के चीनी की विदेश से खरीद को मंजूरी देनी पड़ी। हालांकि केवल चीनी निर्यात को इसका जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
नई व्यवस्था के तहत हर चीनी मिल को हर महीने देने होंगे चार आंकड़े
सरकार ने अपना अनुमान लगाने के लिए चीनी मिलों को हर महीने उत्पादन से जुड़े चार प्रमुख आंकड़े जमा करने का आदेश दिया है। इनमें मिल द्वारा अब तक पेरे गए गन्ने की मात्रा, तैयार की गई चीनी, पूरे सीजन में पेराई के लिए उपलब्ध संभावित गन्ने की मात्रा और कुल अनुमानित चीनी उत्पादन का विवरण शामिल होगा।
अधिकारियों का कहना है कि मिलों से मिलने वाला यह आंकड़ा राज्यों के गन्ना आयुक्तों की रिपोर्ट संग मिलाया जाएगा और पेराई सीजन खत्म होने तक हर महीने संसोधन किया जाएगा।
चालू सीजन 2026-27 में उत्पादन 27 मिलियन टन तक गिरने का अंदेशा
अक्टूबर से सितंबर तक चलने वाले चालू चीनी वर्ष 2026-27 के लिए उद्योग जगत ने भारत में सफेद चीनी का उत्पादन घटकर करीब 27 मिलियन टन रहने का अनुमान लगाया है। इसका मुख्य कारण कम बारिश की वजह से कर्नाटक और महाराष्ट्र में रिकवरी कम होना और अक्टूबर के अंत में भारी बारिश से उत्तर प्रदेश में गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचना है।