पोल्ट्री उद्योग इस समय दो चुनौतियों का सामना कर रहा है। पहला महंगा दाना और दूसरा चिकन की मांग में सुस्ती। मांग में इस कमजोरी के पीछे सूखे के दबाव में आई ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अहम वजह बताया जा रहा है।
उद्योग का कहना है कि ब्रायलर मुर्गियों को पालने की लागत में 15 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी आई है। परेशानी यह है कि पहले ही कमजोर मांग को देखते हुए बढ़ी हुई लागत को उपभोक्ता की जेब तक नहीं पहुंचाया जा सकता। ऐसे में पोल्ट्री व्यवसाय को काफी हद तक खुद इस लागत को बढ़ता बोझ झेलना पड़ रहा है।
मक्का और सोयाबीन की कीमतें दोगुनी, लागत 95 से बढ़कर 110 रुपये प्रति किलो
उद्योग के अनुसार, मुर्गी दाना तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल आसमान छू रहे हैं। इस कच्चे मालों में मक्का-डीओसी और सोयाबीन शामिल है। आंकड़ों के अनुसार, मक्का का प्रति किलो भाव 22 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 36 रुपये पहुच गया है। दूसरी तरह एक किलो चिकन तैयार करने की कुल लागत 95 रुपये से बढ़कर 110 रुपये हो गई है।
पानी की किल्लत और महंगे टैंकरों पर निर्भरता से बढ़ा खर्च
जानकारों के अनुसार, देश के कई हिस्सों में पानी की कमी के चलते फार्म निजी टेंकर से पानी खरीद रहे हैं, जिससे खर्च और बढ़ गया है। उनके अनुसार, अगले खरीफ सीजन तक चारे की कीमतों में गिरावट के आसार नहीं दिखते।
केंद्र सरकार से मक्का आयात की मांग
दाने की इस बढ़ती कीमतों को देखते हुए उद्योग चाहता है कि सरकार विदेश से मक्का खरीद को हरी झंडी दिखाए। इसके अलावा भारतीय खाद्य निगम के टूटे गेहूं और दूसरे अनाजों को पोल्ट्री फार्म तक उपलब्ध कराया जाए।
मांग गिरने के डर से नहीं बढ़ा रहे दाम, बीड़ में बिक्री 40 प्रतिशत घटी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मराठवाड़ा के बीड़ में पोल्ट्री पालक और खुदरा विक्रेता बाबु कुरैशी कहते हैं कि उनकी दुकान पर चिकन की दैनिक बिक्री दो हजार किलो से गिरकर 1,200 किलो रह गई है, क्योंकि मजदूर तबके के ग्राहक तंगी की वजह से चिकन कम खरीद रह हैं। जानकारों का कहना है कि इसी सुस्त मांग की वजह से मौजूदा समय में बढ़ी हुई लागत को उपभोक्ता तक पहुंचाना मांग को नीचे गिरा सकता है।