बंगाल के किसानों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने चक्रवाती तूफान अकवान की वजह से हुई भारी बारिश के कारण फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को मुआवजा देने का फैसला लिया है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि नौ जिलों के 5.73 लाख किसानों को 205 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
सीएम के अनुसार, शुरुआती मूल्यांकन में बेमौसम बारिश की वजह से कृषि और बागवानी को कुल 1,261 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। जानकारी के अनुसार, किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से आगामी दो दिनों में मुआवजे का पैसा पहुंचाया जाएगा।
1.6 लाख हेक्टेयर में फैली फसलें तबाह, 9 जिले सबसे ज्यादा प्रभावित
अकवान के असर ने बारिश संग जलभराव से भी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इस चक्रवात की वजह से कुल जद में 1.6 लाख हेक्टेयर खेती-बाड़ी की जमीन पर असर पड़ा है। सबसे ज्यादा नुकसान धान उठाना पड़ा है, कुल प्रभावित क्षेत्र में से 1.31 लाख हेक्टेयर रकबा केवल धान का ही है।
इसके अलावा, आलू, सरसों और दूसरी फसलों को मिलाकर कुल कृषि नुकसान का आंकड़ा लगभग 1,130 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि बागवानी फसलों को 131.43 करोड़ रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। बागवानी के अंतर्गत 1,060 हेक्टेयर में फूलों की खेती, 385 हेक्टेयर में पान के बागान और 789.5 हेक्टेयर में सब्जियों की फसलें बर्बाद हुई हैं। इस आपदा से हुगली, हावड़ा, बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान, दक्षिण 24-परगना, उत्तर 24-परगना, झाड़ग्राम, पुरुलिया और पूर्व मेदिनीपुर जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर तक मुआवजा
मुआवजे के लिए अलग-अलग श्रेणियां तय की गई हैं। सिंचित भूमि पर खेती करने वाले किसानों को 17,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से राहत दी जाएगी, जिसमें कम से कम 2,000 रुपये का न्यूनतम भुगतान सुनिश्चित किया गया है। वहीं, वर्षा पर निर्भर यानी असिंचित भूमि के लिए 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर तय की गई है, जिसमें न्यूनतम सहायता राशि 1,000 रुपये रखी गई है। बारहमासी फसलों की खेती करने वाले किसानों को 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर का मुआवजा मिलेगा, जबकि रबी और खरीफ दोनों चक्रों में खेती करने वाले किसानों को कम से कम 2,500 रुपये की न्यूनतम सहायता प्रदान की जाएगी।
खेतों से पानी निकालने को 48 घंटे का विशेष अभियान और मुफ्त बीज सहायता
सीएम ने जलभराव के बीच फंसी पकी हुई धान की फसल को बचाने ेक लिए 49 घंटे का जल निकासी अभियान चलाने का आदेश दिया है। इसके लिए प्रखंड विकास अधिकारी वीबी जी राम जी योजना के तहत कामगारों को जुटाने के साथ पंप सेट जमीन पर उतारेंगे।
इस अभियान में उपयोग होने वाले श्रम और पंप सेट का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। इसके अलावा, किसानों को फिर से खेती की शुरुआत करने में मदद देने के लिए 5 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट से 48,000 किसानों को बीज वितरित किए जाएंगे। इनमें 29,000 किसानों को धान, तिल, मूंगफली और ग्रीष्मकालीन मूंग के बीज मिलेंगे, जबकि 19,000 किसानों को ग्रीष्मकालीन सब्जियों के बीज किट उपलब्ध कराए जाएंगे।
पान किसानों और मालदा जिले के लिए अलग से राहत राशि मंजूर
घोषणा के अनुसार, पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण 24-परगना और हावड़ा के करीब 9,240 पान उत्पादक किसानों के लिए 2.31 करोड़ रुपये की खास आर्थिक सहायता मंजूर की गई है। इसके साथ ही, 11 नवंबर को आए भीषण तूफान और ओलावृष्टि से प्रभावित मालदा जिले के तीन प्रखंडों- गाजोल, हबीबपुर और बामनगोला के 19,000 किसानों को 8.12 करोड़ रुपये की राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि फसल नुकसान का सटीक आकलन करने और बीमा दावों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र किसान सहायता पाने से न छूटे।