Home›Khabar Junction›
Cyclone Arnab Hits India Flood Like Situation In Odisha Malkangiri Bridges Submerged Nh 326 Closed
भारत से टकराया चक्रवात ‘अर्नब’ : ओडिशा के मलकानगिरी में बाढ़ जैसे हालात, पुल डूबे, NH-326 बंद
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Thu, 24 Sep 2026 04:36 PM IST
सार
ओडिशा के मलकानगिरी में लगातार भारी बारिश से चार पुलों पर 3 से 4 फीट तक पानी बह रहा है। NH-326 बंद कर दिया गया है और कई जगह वाहन फंसे हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने और सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की है।
ओडिशा के मलकानगिरी जिले में चक्रवात ‘अर्नब’ ने हालात खराब कर दिए हैं। इसके असर से लगातार भारी बारिश हो रही है। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। कई पेड़ उखड़ गए हैं और पुलों को भी नुकसान पहुंचा है। इससे कई क्षेत्रों का आपस में संपर्क टूट गया है। जिले में नदी-नाले उफान पर हैं। कांकुरुकोंडा, कन्याश्रम, एमवी-90 और एमवी-96 पुलों के ऊपर करीब तीन से चार फीट तक बाढ़ का पानी बह रहा है। इसके चलते मलकानगिरी का कालीमेला, मोटू और पोडिया जैसे इलाकों से संपर्क प्रभावित हुआ है।
NH-326 पर पानी, हाईवे बंद
भारी बारिश के कारण जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-326 (NH-326) पर भी पानी भर गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाईवे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया है। इसके कारण कई जगहों पर सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं। बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिरने से सड़कें भी बंद हुई हैं। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने प्रमुख पुलों के पास पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।
अगले कुछ घंटे भारी रहने की आशंका
मौसम विभाग ने मलकानगिरी में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मलकानगिरी के एडीएम बेदाबर प्रधान ने कहा कि अगले कुछ घंटे चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। जिला प्रशासन ने स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां की हैं।
उन्होंने बताया कि तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और चेन्नई की ओर से आने वाले कई वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। प्रशासन और पंचायतों की ओर से प्रभावित लोगों तक खाने-पीने की चीजें और जरूरी सामान पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
#WATCH | Puri, Odisha | Strong winds, high waves and heavy rain triggered by Cyclone Arnab have caused turbulent conditions in Chilika Lake. Over 10 fishing boats belonging to fishermen from the Mangala Sahi and Lakshminarayan Sahi areas of Arakhakuda in Krushnaprasa Block sank… pic.twitter.com/VjzA6RZfwZ
सात जिलों में रेड अलर्ट
ओडिशा सरकार के मंत्री गोकुलानंद मल्लिक ने बताया कि चक्रवात और भारी बारिश को देखते हुए राज्य के सात जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों के प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
बालासोर में पेड़ गिरे, घर ढहने से एक की मौत
चक्रवात के असर से बालासोर में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। तेज बारिश और हवाओं के कारण कई जगह पेड़ गिर गए। फायर सर्विस की टीम ने सड़कों से पेड़ और मलबा हटाया। रेमुना में बुधवार को एक घर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा घायल हुआ है।
फायर अधिकारी अजय के मुताबिक, बांकेश्वर में तीन जगह पेड़ गिरे। इनमें से दो पेड़ घरों पर गिर गए। राहतकर्मियों ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। राजाबगीचा जंक्शन पर फ्लडलाइट की मदद से मलबा हटाया गया। बालासोर के सभी फायर स्टेशन अलर्ट पर हैं। जिले के 12 फायर स्टेशनों पर एक-एक नाव उपलब्ध है, जबकि चार अतिरिक्त नावें आपात स्थिति के लिए तैयार रखी गई हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।