विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Coconut Farming India Coconut Business New Direction Brainstorming On Increasing Production And Exports

Coconut Farming: भारत के नारियल कारोबार को मिलेगी नई दिशा, उत्पादन से लेकर निर्यात बढ़ाने पर मंथन

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 09:00 AM IST
सार

भारत के नारियल क्षेत्र से करीब 3 करोड़ लोगों की आजीविका जुड़ी है। केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने नारियल उत्पादन, जलवायु अनुकूल खेती, किसानों के प्रशिक्षण और निर्यात बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर जोर दिया।

भारत के नारियल कारोबार को मिलेगी नई दिशा
भारत के नारियल कारोबार को मिलेगी नई दिशा - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने नारियल उत्पादन करने वाले देशों से आपसी सहयोग बढ़ाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नारियल क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों का मिलकर समाधान निकालना और इसका टिकाऊ विकास करना जरूरी है। इसके लिए देशों को कृषि अनुसंधान, जलवायु के अनुकूल खेती, किसानों को प्रशिक्षण, कौशल विकास और नारियल से बनने वाले उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने पर मिलकर काम करना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के प्रमुख नारियल उत्पादक देशों में शामिल है। देश में नारियल क्षेत्र से करीब 3 करोड़ लोगों की आजीविका जुड़ी है। इनमें लगभग 1 करोड़ किसान शामिल हैं। उन्होंने नारियल और इससे बने उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।

बदलती मांग के अनुसार उत्पादों की गुणवत्ता जरूरी
कृषि सचिव अतीश चंद्र ने कहा कि नारियल उद्योग को उपभोक्ताओं की बदलती पसंद और अंतरराष्ट्रीय बाजार की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करना होगा। दुनिया में टिकाऊ तरीके से तैयार किए गए उत्पादों के साथ-साथ वीगन और लैक्टोज-फ्री उत्पादों की मांग बढ़ रही है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता मानकों, प्रमाणन और नए उत्पादों पर काम करना जरूरी है। इससे भारतीय नारियल उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।

इंटरनेशनल कोकोनट कम्युनिटी (ICC), जकार्ता की महानिदेशक जेल्फिना सी. अलोव ने कहा कि संगठन नारियल उत्पादक देशों को एक मंच पर लाने और उनके बीच जानकारी, तकनीक और अनुभव साझा करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने की जरूरत बताई, ताकि नई चुनौतियों का सामना किया जा सके और कारोबार के नए अवसर तलाशे जा सकें। मार्शल आइलैंड्स, किरिबाती और समोआ के मंत्रियों ने भी अपने देशों में नारियल के महत्व और इसके विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जरूरत पर विचार रखे।

20 नवंबर तक चलेगा अंतरराष्ट्रीय आयोजन
इस चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन 17 से 20 नवंबर तक किया जा रहा है। इसे कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अधीन नारियल विकास बोर्ड और जकार्ता स्थित इंटरनेशनल कोकोनट कम्युनिटी संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में सदस्य देशों के प्रतिनिधि नारियल उत्पादन, अनुसंधान, उत्पादकता, टिकाऊ खेती, मूल्य संवर्धन और वैश्विक बाजार में नारियल उत्पादों की पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसका उद्देश्य नारियल उत्पादक देशों के बीच साझेदारी मजबूत करना और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखना है।
विज्ञापन
विज्ञापन