विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Chicken And Eggs May Become More Expensive Winter With Rising Poultry Feed Prices Increasing Costs

Chicken And Egg: सर्दियों में महंगा हो सकता है चिकन और अंडा, पोल्ट्री फीड की बढ़ती कीमतों से बढ़ेगी लागत

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 11:59 AM IST
सार

सर्दियों में चिकन और अंडे महंगे हो सकते हैं। पोल्ट्री फीड की कीमत 15 हजार रुपये प्रति टन बढ़ने और मक्का-सोयाबीन की कमी से पोल्ट्री उद्योग पर लागत का दबाव बढ़ा है।

अंडा और चिकन
अंडा और चिकन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सर्दियों में अंडे और चिकन की मांग बढ़ जाती है। लेकिन इस बार इनकी कीमतें भी बढ़ सकती हैं। कृषि कमोडिटी पर शोध करने वाली संस्था आईग्रेन इंडिया के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पोल्ट्री उत्पादों की बढ़ती लागत का असर आम लोगों की जेब पर पड़ सकता है। उद्योग संगठन ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में खुदरा बाजार में चिकन 40 से 50 रुपये प्रति किलो और अंडे 3 से 4 रुपये प्रति नग तक महंगे हो सकते हैं।

मुर्गियों का दाना महंगा होने से बढ़ी लागत
चिकन और अंडे की कीमतें बढ़ने की सबसे बड़ी वजह मुर्गियों के दाने यानी पोल्ट्री फीड का महंगा होना है। पोल्ट्री फीड तैयार करने में मक्का और सोयाबीन का इस्तेमाल प्रमुखता से होता है। इन दोनों कच्चे माल की कीमतें बढ़ने से मुर्गियों का दाना महंगा हो गया है।

आंकड़ों के मुताबिक, पोल्ट्री फीड की कीमत में करीब 15,000 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी हुई है। इससे पोल्ट्री फार्म चलाने वाले किसानों की लागत बढ़ गई है। इसका असर चिकन और अंडे की कीमतों पर पड़ सकता है।

मक्का और सोयाबीन की जमाखोरी का आरोप
ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन का आरोप है कि बाजार में मक्का और सोयाबीन की जमाखोरी की जा रही है। इससे इनकी कृत्रिम कमी पैदा हो रही है और दाना बनाने वाली मिलों तथा पोल्ट्री फार्म संचालकों को ऊंची कीमत पर कच्चा माल खरीदना पड़ रहा है।

कच्चे माल की कीमत बढ़ने से पोल्ट्री फीड बनाने वाली इकाइयों का उत्पादन और मांग 15 से 20 फीसदी तक घट गई है। वहीं, देशभर में करीब 20 से 25 फीसदी पोल्ट्री फार्म बंद हो चुके हैं या बंद होने की कगार पर हैं।

पिछले साल से कम हुई रबी मक्के की बुवाई
मक्का की उपलब्धता को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ रही है, क्योंकि इस बार रबी सीजन में इसकी बुवाई पिछले साल के मुकाबले कम हुई है। कृषि मंत्रालय के 26 नवंबर 2026 के बुआई आंकड़ों के मुताबिक, 20 नवंबर तक देश में 5 लाख हेक्टेयर में रबी मक्के की बुआई हुई थी।

पिछले साल इसी अवधि में 5.11 लाख हेक्टेयर में मक्का बोया गया था। इस तरह रबी मक्के का रकबा 2.15 फीसदी घट गया है। महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में मक्के की बुवाई कम हुई है, जबकि मध्य प्रदेश और कर्नाटक में इसमें मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मक्का और सोयाबीन की उपलब्धता में कमी और पोल्ट्री फीड की बढ़ती कीमतों से आने वाले समय में पोल्ट्री उद्योग की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इसका सीधा असर चिकन और अंडे के दाम पर पड़ने की आशंका है।
विज्ञापन
विज्ञापन