विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Certificates Made Bills Deposited In Village Itself 48 Community Centers Ready In Bareilly

ग्रामीणों को बड़ी राहत: गांव में ही बनेंगे प्रमाणपत्र और जमा होंगे बिल, बरेली में 48 सामुदायिक केंद्र तैयार

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 02:48 PM IST
सार

बरेली की ग्राम पंचायतों में 48 सामुदायिक सुविधा केंद्र बनाए जा रहे हैं। इनमें 37 तैयार हो चुके हैं। यहां ग्रामीणों को 26 तरह की सरकारी और डिजिटल सेवाएं मिलेंगी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के ग्रामीणों को अब छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए ब्लॉक या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिले की ग्राम पंचायतों में 48 सामुदायिक सुविधा केंद्र (सीएससी) बनाए जा रहे हैं। इनमें से 37 केंद्र बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि बाकी का निर्माण चल रहा है। इन केंद्रों पर ग्रामीणों को एक ही जगह 26 तरह की सरकारी और डिजिटल सेवाएं मिलेंगी।

इन केंद्रों को बनाने का मुख्य उद्देश्य गांव के लोगों को सरकारी सुविधाएं उनके घर के पास उपलब्ध कराना है। इसके लिए राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) के तहत निर्माण कराया जा रहा है। शासन ने 48 केंद्रों के निर्माण के लिए जिला पंचायती राज विभाग को कुल 2 करोड़ 40 लाख रुपये का बजट दिया है।

प्रत्येक सामुदायिक सुविधा केंद्र के निर्माण पर 5 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1.83 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो चुके हैं। जिले के सभी 11 विकासखंडों में इन केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है।

गांव में ही बनेंगे सरकारी दस्तावेज, पेंशन और राशन कार्ड से जुड़े काम
सामुदायिक सुविधा केंद्रों पर ग्रामीणों को कई जरूरी सरकारी और डिजिटल सेवाएं मिलेंगी। इनमें आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा शामिल है। इसके अलावा सरकारी योजनाओं में पंजीकरण, पेंशन और राशन कार्ड से जुड़े काम भी यहीं कराए जा सकेंगे।

ग्रामीण इन केंद्रों पर बिजली और पानी के बिल जमा कर सकेंगे। साथ ही ऑनलाइन आवेदन, बैंकिंग और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे। सरकारी योजनाओं की जानकारी भी एक ही जगह मिल सकेगी।

महिलाओं और बुजुर्गों को होगा ज्यादा फायदा
जिला पंचायती राज अधिकारी (DPRO) कमल किशोर के मुताबिक, जिले की अलग-अलग ग्राम पंचायतों में अब तक 37 सामुदायिक सुविधा केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है। बाकी केंद्रों पर काम चल रहा है।उन्होंने बताया कि इन केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों का समय और आने-जाने का किराया बचेगा। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को सरकारी काम कराने में आसानी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन