विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Cancer Free Delhi Rural Prime Minister Modi Praised The Cancer Awareness Campaign Dedicated To The Former Kha

Cancer Free Delhi Rural: पूर्व खाप प्रमुख को समर्पित कैंसर जागरूकता अभियान की प्रधानमंत्री मोदी ने की सराहना

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 11 May 2025 02:12 PM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पालम 360 खाप प्रमुख चौधरी रामकरण सोलंकी की चौथी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में शुरू किए गए कैंसर फ्री दिल्ली रूरलअभियान की सराहना की है। यह अभियान उनके पुत्र और वर्तमान खाप प्रमुख चौधरी सुरेंद्र सोलंकी द्वारा अमेरिक्स कैंसर अस्पताल के सहयोग से चलाया जा रहा है।
 

पीएम नरेंद्र मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व पालम 360 खाप प्रमुख चौधरी रामकरण सोलंकी की चौथी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी स्मृति में शुरू किए गए कैंसर फ्री दिल्ली रूरल अभियान की सराहना की है। यह अभियान उनके पुत्र और वर्तमान खाप प्रमुख चौधरी सुरेंद्र सोलंकी द्वारा अमेरिक्स कैंसर अस्पताल के सहयोग से चलाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने 9 मई को लिखे एक पत्र में कहा कि मैं चौधरी रामकरण सोलंकी जी को उनकी चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस अवसर पर द्वारका, दिल्ली में चौधरी सुरेंद्र सोलंकी जी द्वारा उनकी स्मृति में आयोजित कैंसर फ्री दिल्ली रूरल कार्यक्रम के बारे में जानकर मुझे प्रसन्नता हुई। चौधरी रामकरण सोलंकी जी ने समाज के लिए जो कार्य किए और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का यह प्रयास सराहनीय है। पीएम मोदी ने अपने पत्र में चौधरी रामकरण सोलंकी द्वारा किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों को याद किया और अभियान को आयुष्मान भारत और आयुष्मान आरोग्य मंदिर जैसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अनुरूप बताया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर की जांच और उपचार सुविधाओं की उपलब्धता पर बल दिया।

इस अभियान को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी समेत कई प्रमुख राजनेताओं का समर्थन मिला है। रामवीर सिंह बिधूड़ी अभियान के शुभारंभ समारोह में उपस्थित रहे और उन्होंने चौधरी सोलंकी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विभिन्न समुदायों को जोड़ने और ग्रामीण मुद्दों को उठाने में अहम भूमिका निभाई। इस भियान की औपचारिक शुरुआत शनिवार को द्वारका सेक्टर-19 स्थित Amerix कैंसर अस्पताल में की गई। इस पहल के तहत ग्रामीण इलाकों में मुफ्त कैंसर जांच, जागरूकता कार्यशालाएं और मोबाइल स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

अभियान की एक विशेष पहल संकल्प कार्ड भी है, जिसे अमेरिक्स कैंसर अस्पताल द्वारा शुरू किया गया है। यह मरीज-हितैषी कार्ड कैंसर से जुड़ी जांच जैसे पैप स्मीयर, पीएसए, मैमोग्राफी आदि पर 50 फीसदी तक की छूट देता है, जिससे ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के लोगों को सस्ती और सुलभ जांच सुविधाएं मिल सकें। पालम 360 खाप के मौजूदा प्रमुख चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने कहा कि यह सिर्फ मेरे पिता की विरासत को समर्पित श्रद्धांजलि नहीं है, बल्कि ग्रामीण समुदायों को गरिमा और सुविधा के साथ सेवा देने का संकल्प है। कोई भी व्यक्ति देर से कैंसर की पहचान या इलाज की कमी के कारण अपनों को न खोए, यही हमारा लक्ष्य है।

अमेरिक्स कैंसर अस्पताल के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ आशीष गुप्ता के अनुसार, हमारा उद्देश्य इस पहल के माध्यम से कैंसर देखभाल को लोकतांत्रिक बनाना और एक सामुदायिक स्वास्थ्य व्यवस्था तैयार करना है। जल्दी पहचान से जान बचाई जा सकती है और हमारी मोबाइल जांच वैन और जागरूकता टीमें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री जी की सराहना हमारे मिशन को और भी दृढ़ता से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन