महाराष्ट्र में गन्ना किसानों को इस सीजन में मिलने वाले उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) का हिसाब अब पिछले पेराई सीजन की चीनी रिकवरी के आधार पर लगाया जाएगा। महाराष्ट्र के चीनी आयुक्तालय ने वर्ष 2025-26 के दौरान गन्ने की पेराई करने वाली 210 सहकारी और निजी चीनी मिलों की अंतिम रिकवरी रिपोर्ट जारी कर दी है। इसी रिपोर्ट के आंकड़ों के आधार पर 2026-27 के पेराई सीजन में किसानों को दिए जाने वाले FRP की गणना की जाएगी।
चीनी आयुक्तालय ने यह रिपोर्ट ऐसे समय जारी की है, जब महाराष्ट्र में नया पेराई सीजन शुरू हो चुका है। किसानों और चीनी मिलों की नजर पिछले सीजन की रिकवरी के आंकड़ों पर थी। दरअसल, बॉम्बे हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के उस फैसले को रद्द कर दिया था, जिसमें FRP की गणना चालू सीजन की चीनी रिकवरी के आधार पर करने का नियम बनाया गया था।
हाईकोर्ट के फैसले के बाद पुरानी व्यवस्था लागू
महाराष्ट्र सरकार ने 21 फरवरी 2022 को FRP तय करने के नियमों में बदलाव किया था। इसके तहत वर्ष 2021-22 के पेराई सीजन से किसानों को गन्ने का FRP पिछले साल के बजाय उसी सीजन की चीनी रिकवरी के आधार पर देने का फैसला किया गया था। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी ने सरकार के इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने सरकार के आदेश को रद्द कर दिया।
इसके बाद राज्य सरकार ने भी पुराने आदेश को औपचारिक रूप से वापस लेने का फैसला किया और चीनी आयुक्तालय को पहले वाली व्यवस्था के अनुसार FRP भुगतान की प्रक्रिया जारी रखने का निर्देश दिया। हालांकि, राज्य सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष याचिका भी दाखिल की है। इस पर आने वाले फैसले का चीनी उद्योग को इंतजार है।
210 चीनी मिलों की अंतिम रिकवरी रिपोर्ट जारी
चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोल्टे ने वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन की अंतिम चीनी रिकवरी रिपोर्ट जारी की है। इसमें राज्य की 210 सहकारी और निजी चीनी मिलों के रिकवरी आंकड़े शामिल हैं। रिपोर्ट में बी-हेवी शीरा (B-Heavy Molasses) और गन्ने के रस के इस्तेमाल के कारण चीनी रिकवरी में आई कमी का भी ब्योरा दिया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक चीनी मिल की अंतिम रिकवरी का अलग-अलग आंकड़ा दर्ज किया गया है।
चीनी आयुक्तालय ने सभी क्षेत्रीय संयुक्त चीनी निदेशकों को निर्देश दिया है कि वे पिछले सीजन की चीनी रिकवरी और गन्ने की कटाई व ढुलाई पर हुए खर्च के आधार पर हर 15 दिन में FRP भुगतान की रिपोर्ट जमा करें।
किसानों को पता चलेगी उनकी मिल की रिकवरी
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 2026-27 का पेराई सीजन शुरू होने के साथ ही पिछले साल की मिलवार रिकवरी रिपोर्ट काफी महत्वपूर्ण हो गई है। किसान जान सकेंगे कि जिस चीनी मिल से वे जुड़े हैं, वहां पिछले सीजन में चीनी की कितनी रिकवरी हुई थी। साथ ही वे इसकी तुलना आसपास की दूसरी मिलों की रिकवरी से भी कर सकेंगे।
चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोल्टे ने कहा कि अंतिम रिकवरी के आंकड़ों से गन्ना किसानों को पिछले सीजन के प्रदर्शन का आकलन करने में मदद मिलेगी। वहीं, चीनी मिलों को भी किसानों के FRP भुगतान की सही गणना करने में आसानी होगी।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।