विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Gujarat Cm Bhupendra Patel Spent 72 Hours In Tribal Villages Interacted With Women And Villagers

गुजरात : आदिवासी गांवों में 72 घंटे रहे CM भूपेंद्र पटेल, महिलाओं और ग्रामीणों से किया संवाद

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 21 Nov 2026 04:40 PM IST
सार

गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल ने दाहोद के आदिवासी क्षेत्र में 72 घंटे बिताए। ग्रामीण महिलाओं से संवाद किया और प्राकृतिक खेती, गांवों के विकास व महिला आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आदिवासी बहुल दाहोद जिले के गरबाड़ा क्षेत्र में अपने 72 घंटे के दौरे के आखिरी दिन खंगेला गांव पहुंचकर ग्रामीण महिलाओं और लोगों से बातचीत की। यह गांव गुजरात और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से गांव में हो रहे विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में तीन दिन बिताना उनके लिए बेहद अच्छा और संतोषजनक अनुभव रहा।

मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, भूपेंद्र पटेल ने अपने दौरे के दौरान आदिवासी क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों को करीब से देखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी इलाकों में शुरू किए गए विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं से लोगों का सरकार पर भरोसा बढ़ा है। साथ ही, अब ग्रामीणों को विकास की नई उम्मीदें हैं।

गांवों तक पहुंच रहीं सड़क, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 72 घंटे के दौरे के दौरान उन्होंने देखा कि आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। गांवों में सड़कें, पीने का पानी और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही हैं। आदिवासी युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसर भी बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा आम लोगों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं के केंद्र में रखा है। अब दूरदराज और पहाड़ी इलाकों के लोगों तक भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और नल से जल योजना के तहत पीने का पानी पहुंच रहा है। इसके अलावा गांवों में सड़क और स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्राकृतिक खेती अपनाने पर दिया जोर
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आदिवासी क्षेत्रों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल मिट्टी की सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे कम उम्र में ही डायबिटीज, ब्लड प्रेशर जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने कहा कि मिट्टी और इंसानों की सेहत सुधारने के लिए प्राकृतिक खेती अपनाना जरूरी है। इससे आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और स्वस्थ भविष्य मिल सकेगा।

महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताई आत्मनिर्भर बनने की कहानी
दौरे के दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। इन महिलाओं ने बताया कि किस तरह वे छोटे-छोटे कामों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं। मुख्यमंत्री ने सखी मंडलों की ओर से लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल का भी दौरा किया। उन्होंने महिलाओं के काम और उनके प्रयासों की जानकारी ली।

विकसित गुजरात और विकसित भारत के लिए मिलकर काम करने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' देश के विकास का आधार है। उन्होंने ग्रामीणों से विकसित भारत और विकसित गुजरात के लक्ष्य को पूरा करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन