Home›Khabar Junction›
Fight Against Cervical Cancer 10 Million Girls Receive Hpv Vaccine In 9 Months
सर्वाइकल कैंसर से जंग में भारत की बड़ी कामयाबी: 9 महीने में 1 करोड़ लड़कियों को लगी HPV वैक्सीन
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 21 Nov 2026 04:36 PM IST
सार
भारत में राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान के तहत 9 महीने से कम समय में 1 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज लगाई गईं। जानिए यूपी समेत किन 6 राज्यों ने 100% टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया।
9 महीने में 1 करोड़ लड़कियों को लगी HPV वैक्सीन
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत में लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में अब तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन की 1 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी हैं। खास बात यह है कि यह लक्ष्य अभियान शुरू होने के 9 महीने से भी कम समय में हासिल किया गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 फरवरी 2026 को देशभर में इस अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत 14 साल की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त HPV वैक्सीन लगाई जा रही है। यह टीका माता-पिता की सहमति से लगाया जाता है।
यूपी समेत 6 राज्यों में 100% टीकाकरण
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में लक्षित लड़कियों में से करीब 87 प्रतिशत को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपने तय लक्ष्य के अनुसार 100 प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर लिया है। इसके अलावा कई राज्यों में भी टीकाकरण की अच्छी प्रगति हुई है।
असम में 95.63 प्रतिशत टीकाकरण
तेलंगाना में 95.28 प्रतिशत
कर्नाटक में 93.16 प्रतिशत
उत्तराखंड में 90.17 प्रतिशत
छत्तीसगढ़ में 86.21 प्रतिशत
राजस्थान में 85.23 प्रतिशत
वहीं केरल में 77.02 प्रतिशत, तमिलनाडु में 76.12 प्रतिशत और ओडिशा में 74.90 प्रतिशत लक्षित लड़कियों को टीका लगाया जा चुका है।
यूपी में सबसे ज्यादा लड़कियों को लगा टीका
टीकाकरण की कुल संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है। यहां 29.33 लाख से ज्यादा 14 साल की लड़कियों को HPV वैक्सीन लगाई जा चुकी है। बिहार में 13.70 लाख से ज्यादा और गुजरात में 7.75 लाख से अधिक लड़कियों का टीकाकरण हुआ है।
इस अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, डॉक्टरों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, स्कूल शिक्षकों और अभिभावकों की अहम भूमिका रही है। लोगों को वैक्सीन के फायदे और सुरक्षा के बारे में जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
क्या है HPV वैक्सीन और क्यों जरूरी है?
HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एक तरह का वायरस है। इसके कुछ प्रकार आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकते हैं। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसर में शामिल है।HPV वैक्सीन इस वायरस के उन प्रकारों से बचाव में मदद करती है, जो सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ाते हैं। 14 साल की उम्र में लड़कियों को यह टीका लगाने का उद्देश्य भविष्य में इस बीमारी का खतरा कम करना है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दुनिया में अब तक HPV वैक्सीन की 80 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं। करीब दो दशक के वैज्ञानिक शोध और अनुभव से इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता के प्रमाण मिले हैं।
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर लग रही मुफ्त वैक्सीन
राष्ट्रीय HPV टीकाकरण अभियान के तहत 14 साल की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त और स्वैच्छिक रूप से वैक्सीन दी जा रही है। इस अभियान में एक ही डोज लगाई जाती है। टीकाकरण के लिए माता-पिता की सहमति जरूरी है।
वैक्सीन लगाने का काम प्रशिक्षित डॉक्टरों की निगरानी में किया जाता है। टीकाकरण केंद्रों को 24 घंटे उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ा गया है, ताकि टीका लगने के बाद किसी तरह की परेशानी होने पर तुरंत इलाज मिल सके।
U-WIN पोर्टल से बुक कर सकते हैं टीके का स्लॉट
सरकार ने टीकाकरण की जानकारी और निगरानी के लिए U-WIN डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया है। इसके जरिए पात्र लड़कियों का रिकॉर्ड रखा जा रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि किन इलाकों में अभी टीकाकरण पूरा नहीं हुआ है। माता-पिता इस पोर्टल के माध्यम से अपनी 14 साल की बेटियों के लिए टीकाकरण का स्लॉट बुक कर सकते हैं और डिजिटल प्रमाणपत्र भी डाउनलोड कर सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने पात्र लड़कियों के माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या U-WIN पोर्टल के माध्यम से वैक्सीन की जानकारी लें और अपनी बेटियों का टीकाकरण जरूर कराएं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।