विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Bumper Sugar Production In China Imports Reach 10 Year Low Pressure Global Prices Increase

चीन में चीनी का बंपर उत्पादन: 10 साल के निचले स्तर पर पहुंचेगा आयात; वैश्विक बाजार में कीमतों पर बढ़ेगा दबाव

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 08:34 AM IST
सार

China Sugar Production: चीन में चीनी का उत्पादन 20% से ज्यादा बढ़ा, जबकि खपत की रफ्तार धीमी हुई। USDA के अनुसार 2026-27 में चीनी आयात 10 साल के निचले स्तर पर पहुंच सकता है। इसका वैश्विक बाजार पर क्या असर होगा?

चीनी
चीनी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चीन में चीनी का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, जबकि घरेलू खपत की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इसका असर अब अंतरराष्ट्रीय चीनी बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। अमेरिका के कृषि विभाग (USDA) की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में चीनी का उत्पादन बढ़ने से आयात की जरूरत कम हो रही है। चालू सीजन 2026-27 में चीन का चीनी आयात घटकर 36 लाख टन रहने का अनुमान है। यह पिछले 10 साल का सबसे कम स्तर होगा। इससे पहले 2025-26 सीजन में चीन का चीनी आयात 42 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया था।

चीन कई वर्षों से दुनिया का सबसे बड़ा चीनी आयातक रहा है। वह ब्राजील और थाईलैंड जैसे प्रमुख चीनी निर्यातक देशों से बड़े पैमाने पर चीनी खरीदता रहा है। लेकिन घरेलू उत्पादन में बढ़ोतरी के कारण अब उसकी विदेशी चीनी पर निर्भरता कम हो रही है।

पांच साल में 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ा चीनी उत्पादन
USDA की रिपोर्ट के अनुसार, चीन में चीनी का उत्पादन 2020-21 सीजन के मुकाबले 2025-26 में 20 फीसदी से ज्यादा बढ़कर 1.29 करोड़ टन पहुंच गया है। इस बढ़ोतरी में गुआंग्शी और युन्नान प्रांतों में गन्ने की खेती का सबसे बड़ा योगदान रहा है। इन दोनों क्षेत्रों से देश के कुल उत्पादन में हुई बढ़ोतरी का करीब 75 फीसदी हिस्सा आया है।

उत्पादन बढ़ने के साथ चीन में चीनी का भंडार भी तेजी से बढ़ रहा है। 2025-26 सीजन के अंत तक चीनी का भंडार लगभग दोगुना होकर 32 लाख टन पहुंचने का अनुमान है। वहीं, 2026-27 सीजन में यह बढ़कर 45 लाख टन तक हो सकता है।

चीनी की खपत बढ़ने की रफ्तार हुई धीमी
चीन में चीनी उत्पादन बढ़ने के बावजूद घरेलू खपत में उतनी तेजी नहीं है। USDA के मुताबिक, अब चीन में लोगों की खानपान संबंधी पसंद बदल रही है। उपभोक्ता चीनी का इस्तेमाल कम करने की ओर बढ़ रहे हैं। यही वजह है कि उत्पादन बढ़ने के साथ आयात की जरूरत भी घट रही है।

चीन में उत्पादन बढ़ने का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों पर भी पड़ा है। हाल के वर्षों में अधिक उत्पादन के कारण वैश्विक बाजार में कीमतों पर दबाव बना रहा। हालांकि, अल नीनो के मौसम संबंधी प्रभाव से यूरोप, भारत और ब्राजील जैसे प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में उत्पादन प्रभावित होने के कारण हाल में इस रुझान में बदलाव आया है।

2026-27 में दुनिया का चीनी उत्पादन 5 फीसदी घटने का अनुमान
USDA ने अपनी रिपोर्ट में वैश्विक चीनी बाजार का अनुमान भी जारी किया है। इसके मुताबिक, 2026-27 सीजन में दुनिया का कुल चीनी उत्पादन करीब 5 फीसदी घटकर 17.81 करोड़ टन रह सकता है। भारत, यूरोपीय संघ, फिलीपींस और ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन कम होने की आशंका है। हालांकि, चीन और रूस में उत्पादन बढ़ने से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं, वैश्विक स्तर पर चीनी की खपत लगभग स्थिर रहकर 17.64 करोड़ टन रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, दुनिया से चीनी का निर्यात करीब 5 फीसदी घटकर 6.15 करोड़ टन रह सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन