विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Bihar Moving Away From Traditional Farming Banana Cultivation Is Turning Farmers Into Millionaires The Crop

Bihar: पारंपरिक खेती छोड़ केला बना रहा लखपति, 9 महीने में उपज तैयार, KVK एक्सपर्ट ने बताया पूरा गणित...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 07:17 PM IST
सार

  • बिहार के मुंगेर में किसान पारंपरिक फसलों के बजाय केले की बागवानी अपना रहे हैं।
  • कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, जी-9 हाइब्रिड केले का एक पौधा करीब 15 रुपये में मिलता है।
  • केले की फसल रोपाई के लगभग 9 महीने बाद तैयार हो जाती है।
  • सही तकनीक अपनाकर किसान प्रति बीघा सालाना 1.5 लाख रुपये तक कमा सकते है

केले की बागवानी से आमदनी बढ़ा रहे बिहार के किसान।
केले की बागवानी से आमदनी बढ़ा रहे बिहार के किसान। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

किसान बेहतर मुनाफे की तलाश में पारंपरिक फसलों के बजाय नकदी फसलों  को तरजीह देने लगे हैं। इसी दिशा में बिहार के मुंगेर जिले में किसानों ने आमदनी बढ़ाने के लिए केले की बागवानी का चुनाव किया है। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय कृषि विज्ञानी मुकेश कुमार बताते हैं कि इलाके की मिट्टी और जलवायु केले की बागवानी के लिए उपयुक्त है। मुकेश  के अनुसार, सही तकनीक अपनाकर किसान केला उगाकर प्रति बीघा सालाना 1.5 लाख रुपये तक की कमाई कर सकते हैं। 

15 रुपये में मिलता है जी-9 किस्म का पौधा
कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, केले की जी-9 हाइब्रिड किस्म का एक पौधा करीब 15 रुपये में उपलब्ध है। इसकी खास बात यह है कि रोपाई के लगभग नौ महीने बाद फसल तैयार हो जाती है। बाजार में केले की मांग को देखते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से किसानों को इसकी उन्नत तकनीक से खेती करने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

दोमट मिट्टी और पानी निकासी का रखें ध्यान
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, केले की व्यावसायिक खेती के लिए उष्ण और उपोष्ण जलवायु उपयुक्त रहती है। इस फसल के बेहतर विकास के लिए 20 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान अच्छा माना गया है। किसान जैविक पदार्थों से भरपूर दोमट मिट्टी वाले खेतों का चयन कर सकते हैं।

दूसरी तरफ, केले की बागवानी में खेत से अतिरिक्त पानी की निकासी की उचित व्यवस्था होना जरूरी है। जलभराव वाले खेतों में इसकी खेती करने से बचना चाहिए। मुंगेर जिले के सदर प्रखंड के ऊपरी इलाकों के अलावा जमालपुर, धरहरा, खड़गपुर, संग्रामपुर, टेटिया बंबर और तारापुर के जलभराव से मुक्त खेतों में केले की खेती की जा सकती है।

मार्च से जुलाई के बीच करें पौधों की रोपाई
कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार, केले की रोपाई के लिए मार्च से जुलाई तक का समय उपयुक्त है। किसान जी-9 हाइब्रिड के अलावा ड्वार्फ कैवेंडिश, रोबस्टा, मालभोग, बसराई और चिनिया जैसी किस्में भी लगा सकते हैं। इन किस्मों के पौधे रोपाई के लगभग नौ महीने के भीतर फल देने लायक हो जाते हैं।

पौधों के बीच रखें डेढ़ से दो मीटर की दूरी
केले की बागवानी शुरू करने से पहले खेत की दो से तीन बार अच्छी तरह जुताई करके मिट्टी को समतल करना चाहिए। इसके बाद खेत में पानी की निकासी के लिए नालियां तैयार करनी चाहिए। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, पौधे से पौधे के बीच कम से कम 1.5 से 2 मीटर की दूरी रखनी जरूरी है। इस दूरी के आधार पर एक हेक्टेयर खेत में लगभग 2,500 से 3,500 पौधे लगाए जा सकते हैं।

रोपाई के तुरंत बाद करें पहली सिंचाई
कृषि विशेषज्ञों की सलाह है कि केले के पौधों की रोपाई पूरी होने के तुरंत बाद खेत में पहली सिंचाई कर देनी चाहिए। पौधों की अच्छी बढ़वार और फलों का वजन बढ़ाने के लिए संतुलित पोषण जरूरी है। इसके लिए पुरानी गोबर की खाद के साथ नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश का उचित मात्रा में इस्तेमाल करना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित सिंचाई और संतुलित उर्वरक प्रबंधन से पौधों का विकास बेहतर होता है। सही पोषण मिलने से रोगों का प्रकोप कम करने और फलों की गुणवत्ता सुधारने में भी मदद मिलती है।

मुंगेर के किसानों के लिए बेहतर विकल्प बन सकती है केले की खेती
कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, स्थानीय बाजारों में केले की मांग सालभर बनी रहती है। ऐसे में जिले के किसान उपयुक्त जमीन का चयन करके और वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर केले की व्यावसायिक खेती कर सकते हैं। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि पारंपरिक खेती के साथ इस तरह की बागवानी अपनाना किसानों के लिए बेहतर आमदनी का विकल्प बन सकता है।


विज्ञापन
विज्ञापन