विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Bihar Farmers Will Get Information About Modern Technology And Schemes Sugarcane Industry Minister

बिहार में फिर बढ़ेगा गन्ने का रकबा: किसानों को मिलेंगी आधुनिक तकनीक और योजनाओं की जानकारी- गन्ना उद्योग मंत्री

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 26 Sep 2026 05:06 PM IST
सार

बिहार सरकार गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दे रही है। अगले पांच वर्षों में बंद चीनी मिलों को फिर शुरू करने और करीब 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।

गन्ने की खेती
गन्ने की खेती - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है। किसानों को वैज्ञानिक खेती, बेहतर बीज, कृषि मशीनों, गुड़ बनाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में पटना में किसान संगोष्ठी आयोजित की गई। इसका उद्घाटन गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने किया। सरकार का लक्ष्य उन किसानों को भी दोबारा गन्ने की खेती से जोड़ना है, जिन्होंने पिछले वर्षों में किसी कारण से इसकी खेती कम कर दी या बंद कर दी थी। इसके लिए विभाग की ओर से किसानों के बीच अभियान चलाया जा रहा है।

कम जमीन में ज्यादा उत्पादन पर जोर
मंत्री संजय कुमार ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और बिहार से पलायन कम करने के लिए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक तकनीक और कृषि उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार वैज्ञानिकों और कृषि से जुड़े संस्थानों के साथ मिलकर ऐसी तकनीक विकसित करने की योजना बना रही है, जिससे कम जमीन में भी अधिक उत्पादन लिया जा सके। संगोष्ठी में किसानों को गन्ने की वैज्ञानिक खेती, गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, खेती में मशीनों के इस्तेमाल और गुड़ उत्पादन से जुड़ी जानकारी दी गई।

30 सितंबर को लॉन्च होगा विशेष पोर्टल
किसानों की समस्याओं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी एक जगह उपलब्ध कराने के लिए 30 सितंबर को विशेष पोर्टल शुरू किया जाएगा। किसान इस पोर्टल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। साथ ही आवेदन की स्थिति देख सकेंगे और गन्ना उद्योग विभाग की उपलब्ध योजनाओं की जानकारी भी ले सकेंगे।

बंद चीनी मिलें फिर शुरू करने की तैयारी
सरकार बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने और नई चीनी मिलें लगाने की दिशा में भी काम कर रही है। राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से शुरू करने और करीब 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।

बेगूसराय में नई चीनी मिल की योजना
बेगूसराय में नई चीनी मिल स्थापित करने की भी योजना है। वारिसलीगंज क्षेत्र में मिल लगाने के लिए गन्ना उद्योग विभाग को करीब 99.39 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा दूसरे जिलों में जमीन की व्यवस्था और अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

सरकार का मानना है कि चीनी उद्योग के विस्तार से बिहार में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ सकता है। इससे किसानों को गन्ने के लिए बाजार मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन